मेडिकल स्टोर पर रखें कड़ी निगरानी, नियम तोड़ने वालों पर हो कार्रवाई : सीईओ सुरेश राविश
कैथल। जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश ने कहा कि जिले के सभी मेडिकल स्टोरों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। समय-समय पर चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ड्रग कंट्रोल ऑफिसर तथा अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
सीईओ सुरेश राविश शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नशे के खिलाफ चल रही मुहिम को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। साथ ही आमजन से अपील की कि यदि कहीं नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिले तो बिना किसी डर के प्रशासन को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग निजी एवं सरकारी नशा मुक्ति केंद्रों की नियमित जांच करें। इन केंद्रों के माध्यम से नशे की गिरफ्त में आए लोगों को मुख्यधारा में लाकर उन्हें बेहतर जीवन के लिए प्रेरित किया जाए। बैठक में पुलिस विभाग ने जानकारी दी कि गत माह में नशा संबंधी 24 मामले दर्ज किए गए हैं। हॉट स्पॉट क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा अतिरिक्त पुलिस टीमें भी तैनात की गई हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। फ्लेक्स, पोस्टर तथा अन्य माध्यमों से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। गांवों और शहरों में जागरूकता शिविर लगाए जा रहे हैं। साथ ही बस स्टैंडों और सार्वजनिक स्थलों पर नशा मुक्ति केंद्रों, अस्पतालों तथा हेल्पलाइन नंबरों से संबंधित सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
सीईओ ने विकास एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों की बैठकों में ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाए। ग्रामीणों को विश्वास में लेकर नशे से संबंधित गुप्त सूचना देने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि प्रशासन समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर सके।
बैठक में ड्रग कंट्रोल ऑफिसर ने जानकारी दी कि गत माह नियमों का उल्लंघन करने पर 18 लाइसेंस निलंबित किए गए हैं तथा करनाल रोड स्थित अंबेडकर कॉलोनी में एक दुकानदार के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है।
इस अवसर पर डीएसपी सुशील प्रकाश, डीएसपी गुरविंद्र सिंह, डीडीपीओ रितु लाठर, सीएमओ डॉ. रेणु चावला, जेल अधीक्षक अशोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply