“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

मई माह में कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 114 मामलों में 155 आरोपी गिरफ्तार

मई माह में कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 114 मामलों में 155 आरोपी गिरफ्तार

📍 कैथल | 🗓️ 1 जून 2026

कैथल: पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में जिला पुलिस ने मई माह के दौरान अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इस दौरान शराब एवं मादक पदार्थ तस्करी, चोरी, लूट, सेंधमारी और अवैध हथियार रखने जैसे 114 मामलों में कुल 155 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार मई माह में विशेष रूप से नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया गया, जिसके तहत 24 मामलों में 40 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 86.895 किलोग्राम डोडा पोस्त, 22 किलोग्राम गांजा, 1 किलो 214 ग्राम अफीम, 4 किलो 649 ग्राम चरस, 36.216 ग्राम हैरोइन तथा 6775 नशीली गोलियां बरामद की गईं।

शराब तस्करों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करते हुए 35 मामलों में 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 628 बोतल देसी शराब, 246 बोतल हथकड़ी शराब, 7 बोतल अंग्रेजी शराब तथा करीब 1900 लीटर लाहण बरामद किया गया।

संपत्ति संबंधी अपराधों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 39 मामलों में 60 आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से लगभग 20 लाख 89 हजार रुपये मूल्य की चोरीशुदा संपत्ति बरामद की।

अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान के तहत 8 मामलों में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 13 अवैध देसी पिस्तौल और 19 कारतूस बरामद किए गए। वहीं जुआ एवं सट्टा अधिनियम के 8 मामलों में 13 आरोपियों को काबू कर 1 लाख 58 हजार 750 रुपये की नकदी बरामद की गई।

पुलिस ने मई माह के दौरान 17 बेल जंपर, 18 उद्घोषित अपराधी (पीओ) तथा 3 मोस्ट वांटेड अपराधियों को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि जिला पुलिस का प्रथम दायित्व आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों, शराब तस्करों, हथियार तस्करों और अन्य अपराधियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *