मकान का ताला तोड़कर आभूषण व नगदी चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार
कैथल। पुंडरी क्षेत्र में एक मकान का ताला तोड़कर आभूषण, नगदी एवं अन्य सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच एंटी व्हीकल थेफ्ट प्रभारी एसआई मुकेश कुमार के नेतृत्व में एएसआई अशोक कुमार की टीम द्वारा की गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव खेड़ी मटरवां निवासी सतपाल सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 28 अप्रैल 2025 की सुबह वह अपने मकान को ताला लगाकर करनाल गए थे। दोपहर करीब 3 बजे वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ था।
शिकायतकर्ता के अनुसार अज्ञात चोर अलमारी से सोने की नाथ, बालियां, कोका, गले का हार, अंगूठी, मंगलसूत्र, ओम, चांदी की पाजेब, एक लाख रुपये नकद तथा अन्य सामान चोरी कर ले गया था। इस संबंध में थाना पुंडरी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने गांव गग्गा, जिला पटियाला (पंजाब) निवासी आमिर खान को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से चोरी किए गए सामान एवं वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से व्यापक पूछताछ के लिए चार दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। मामले की आगामी जांच जारी है।











Leave a Reply