लक्जमबर्ग भेजने के नाम पर 6 लाख की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल
कैथल। विदेश भेजने के नाम पर आमजन से ठगी करने वाले आरोपियों पर एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी कड़ी में लक्जमबर्ग भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में एंटी इमिग्रेशन सैल ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
एंटी इमिग्रेशन सैल प्रभारी पीएसआई शुभ्रांशु की अगुवाई में एएसआई रणधीर सिंह की टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए गांव शिल्ला खेड़ा निवासी गुरविंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि डोगरा गेट कैथल निवासी शरणदीप सिंह और निर्मल सिंह ने शिकायत दी थी कि वे विदेश जाने के इच्छुक थे। 10 अगस्त 2025 को सोशल मीडिया के माध्यम से उनकी बातचीत आरोपी गुरविंद्र सिंह से हुई। इसके बाद 12 अगस्त 2025 को ढांड रोड, कैथल पर मुलाकात के दौरान आरोपी ने उन्हें लक्जमबर्ग में अच्छी नौकरी दिलाने तथा विदेश भेजने का भरोसा दिया।
शिकायतकर्ताओं ने 14 अगस्त 2025 को अपने पासपोर्ट तथा शैक्षणिक दस्तावेजों की प्रतियां आरोपी को सौंप दीं। इसके बाद आरोपी ने वीजा, ऑफर लेटर, कॉन्ट्रैक्ट, टिकट, एम्बेसी खर्च, डॉलर और एफिडेविट आदि के नाम पर अलग-अलग किश्तों में उनसे कुल 6 लाख 2 हजार 600 रुपये प्राप्त कर लिए।
राशि लेने के बाद आरोपी ने कहा कि लक्जमबर्ग में नौकरी दिलाने वाले व्यक्ति के साथ कॉन्ट्रैक्ट करना होगा। कुछ समय बाद जब शिकायतकर्ताओं ने वीजा संबंधी जानकारी मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा और बाद में उनके फोन उठाने भी बंद कर दिए।
जब पीड़ित आरोपी के पास पहुंचे तो उन्हें जल्द काम होने का आश्वासन दिया गया, लेकिन उन्हें विदेश नहीं भेजा गया। इसके बाद जब उन्होंने अपने दस्तावेज और रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
इस संबंध में थाना शहर कैथल में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान आरोपी गुरविंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने व्यापक पूछताछ के लिए न्यायालय से आरोपी का दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।


Leave a Reply