“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल: विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी, इकोनॉमिक सेल ने दिल्ली से आरोपी किया गिरफ्तार, 3 दिन का पुलिस रिमांड

कैथल, 6 अगस्त। कैथल पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए इकोनॉमिक सेल की टीम ने दिल्ली के अलीपुर निवासी मुन्ना शाह को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गांव चंदाना निवासी अंकित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी मुलाकात मुन्ना शाह से हुई थी, जिसने खुद को विदेश भेजने वाला एजेंट बताया। आरोपी ने दावा किया कि उसका कार्यालय दिल्ली में है और वह जॉर्जिया, सिंगापुर सहित अन्य देशों में नौकरी के लिए वैध वीजा उपलब्ध करवाता है।

शिकायतकर्ता आरोपी के झांसे में आ गया और दो व्यक्तियों को जॉर्जिया भेजने के लिए 10.50 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। इस दौरान शिकायतकर्ता ने आरोपी के बैंक खाते में 1.90 लाख रुपये ट्रांसफर किए, जबकि 5.50 लाख रुपये नकद दिए। बाद में आरोपी ने एक अन्य व्यक्ति को सिंगापुर भेजने का प्रस्ताव दिया, जिसके लिए 6 लाख रुपये तय हुए और शिकायतकर्ता ने 4.70 लाख रुपये का भुगतान भी कर दिया।

जांच में वीजा निकला फर्जी

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सिंगापुर का वीजा उपलब्ध कराया, लेकिन जांच के दौरान वह फर्जी पाया गया। शिकायतकर्ता द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने वीजा को असली बताते हुए शेष रकम जमा कराने का दबाव बनाया। जब शिकायतकर्ता ने असली वीजा मिलने के बाद ही भुगतान की बात कही तो आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया।

कुछ समय बाद आरोपी ने पैसे लौटाने के बजाय टालमटोल शुरू कर दी और बाद में ग्रीस का वर्क परमिट दिलाने का नया प्रस्ताव भी दिया। शिकायतकर्ता ने इससे इनकार करते हुए केवल अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपी लगातार बहाने बनाता रहा। आखिरकार आरोपी ने 10 मई 2026 तक पूरी रकम लौटाने का वादा किया, लेकिन तय समय पर भी पैसे नहीं लौटाए। शिकायतकर्ता के दोबारा संपर्क करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस ने आरोपी को दिल्ली से दबोचा

मामले की जांच इकोनॉमिक सेल प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश के नेतृत्व में एएसआई सुरेंद्र सिंह की टीम ने की। जांच के दौरान आरोपी मुन्ना शाह को अलीपुर (दिल्ली) से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन का रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी ने अन्य लोगों से भी इसी तरह की ठगी की है या नहीं और धोखाधड़ी में शामिल अन्य व्यक्तियों की भी जांच की जाएगी।

Keywords

कैथल न्यूज, Kaithal News, विदेश भेजने के नाम पर ठगी, जॉर्जिया वीजा फ्रॉड, सिंगापुर वीजा धोखाधड़ी, इकोनॉमिक सेल कैथल, मुन्ना शाह गिरफ्तार, कैथल पुलिस, विदेश नौकरी ठगी, Fraud News Kaithal, Visa Fraud Haryana, Economic Cell Kaithal, Kaithal Police News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *