स्कूल-कॉलेजों के बाहर पटाखे बजाकर दहशत फैलाने वाले बाइक चालकों पर कैथल ट्रैफिक पुलिस की सख्ती जारी
कैथल, 29 अक्टूबर। कैथल में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार, वीरवार सुबह पेहोवा चौक पर पुलिस ने रोड रोलर की सहायता से 70 से अधिक बुलेट बाइकों के मॉडिफाइड साइलेंसर नष्ट कर दिए। इन साइलेंसरों का इस्तेमाल तेज आवाज में पटाखे जैसी आवाज निकालने के लिए किया जाता था, जिससे स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
स्कूल-कॉलेजों के बाहर तेज आवाज करने वाले बाइक चालकों पर कार्रवाई
ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर रमेश कुमार ने बताया कि कुछ युवक अपनी बुलेट बाइकों में निर्धारित मानकों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर स्कूल-कॉलेजों के बाहर तेज आवाज में पटाखे बजाते थे। इससे विद्यार्थियों और आम नागरिकों को परेशानी होती थी तथा आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बनता था।
ऐसे बाइक चालकों के खिलाफ कैथल ट्रैफिक पुलिस ने नियमानुसार चालान किए। इसके साथ ही मौके पर मैकेनिक बुलाकर बाइकों से मॉडिफाइड साइलेंसर उतरवाए गए और उनकी जगह निर्धारित मानकों के अनुरूप साइलेंसर लगवाए गए।
रोड रोलर से नष्ट किए 70 से अधिक मॉडिफाइड साइलेंसर
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान उतरवाए गए मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त कर लिए थे। वीरवार सुबह पेहोवा चौक, कैथल पर जब्त किए गए 70 से अधिक साइलेंसरों को रोड रोलर की सहायता से नष्ट करवाया गया, ताकि इनका दोबारा इस्तेमाल न किया जा सके।
इस कार्रवाई के माध्यम से कैथल ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने और तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसरों का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
कैथल पुलिस की वाहन चालकों से अपील
कैथल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने वाहनों में निर्धारित मानकों के अनुरूप साइलेंसरों का ही प्रयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कैथल समाचार: शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और विद्यार्थियों सहित आमजन को तेज आवाज से होने वाली परेशानी से बचाने के लिए कैथल ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई जारी है।

lo

