कैथल, 14 नवंबर 2026। कैथल जिले में खेतों से स्टार्टर केबल और ट्यूबवेल से संबंधित सामान चोरी करने के मामले में थाना सदर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील निवासी गांव शाहपुर (जिला जींद), अमन निवासी अपोलो रोड जींद और मोहित निवासी गांव दालमवाला (जिला जींद) के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव टीक निवासी महेंद्रपाल ने थाना सदर में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 6/7 मई 2026 की रात अज्ञात चोर उसके खेत से करीब 30 फुट स्टार्टर केबल, स्टार्टर ग्रीप और अन्य सामान चोरी करके ले गए थे।
शिकायतकर्ता ने जब आसपास के खेतों में बने ट्यूबवेल कोठों की जांच की तो पता चला कि अन्य किसानों के खेतों से भी स्टार्टर केबल चोरी हुई थी। इस संबंध में थाना सदर कैथल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
प्रोडक्शन वारंट पर लिया गया आरोपियों का कब्जा
मामले की जांच थाना सदर पुलिस के एचसी जोगिंद्र सिंह की टीम ने की। जांच के दौरान तीनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी चोरी के एक अन्य मामले में जिला कैथल जेल में बंद थे। इस मामले में गिरफ्तारी के लिए उन्हें माननीय अदालत के आदेश पर प्रोडक्शन वारंट के माध्यम से लिया गया था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को माननीय अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

