“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में नशा तस्करी के दो मामलों में 3 आरोपी गिरफ्तार, 1 किलो 180 ग्राम गांजा और नशीली दवाइयां बरामद

कैथल एंटी नारकोटिक सेल की बड़ी कार्रवाई, 20 प्रतिबंधित एडनोक टैबलेट, 456 ग्राम नशीले घोल सहित गांजा फूलपत्ती बरामद

कैथल, 15 नवंबर 2026। कैथल जिला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने आरोपियों के कब्जे से 20 प्रतिबंधित एडनोक टैबलेट, 456 ग्राम नशीली दवाइयों का घोल और 1 किलो 180 ग्राम गांजा फूलपत्ती बरामद की है।

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के दिशा-निर्देशों पर जिले में नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पहली कार्रवाई में एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एएसआई अनिल कुमार की टीम कैथल शहर में शाम के समय गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि विशाल और सोनू निवासी वाल्मीकि बस्ती, ढांड नशीली दवाइयों का घोल तैयार करके नशा करने वाले लोगों को बेचते हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मछली मार्केट के पास पुल के नीचे दबिश देकर दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। डीएसपी मुख्यालय बीर भान की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 10-10 प्रतिबंधित एडनोक टैबलेट और कुल 456 ग्राम नशीली दवाइयों का घोल बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से नशीला घोल तैयार करने में इस्तेमाल की जाने वाली 5 खाली प्लास्टिक शीशियां और 5 सिरिंज भी बरामद कीं। ड्रग कंट्रोल अधिकारी चेतन वर्मा ने गोलियों की जांच कर उन्हें प्रतिबंधित बताया। इस संबंध में थाना शहर कैथल में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

अनाज मंडी पाई में गांजा बेचते हुए एक आरोपी गिरफ्तार

दूसरे मामले में एंटी नारकोटिक सेल की टीम एएसआई जसमेर सिंह के नेतृत्व में अनाज मंडी पाई के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गांव पैना, जिला सहरसा (बिहार) निवासी मनोहर सादा अनाज मंडी पाई में गांजा फूलपत्ती बेचने का काम करता है।

पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर मौके पर दबिश देकर पेड़ के नीचे पॉलीथिन लेकर खड़े आरोपी मनोहर सादा को काबू कर लिया। एईटीओ कैथल रोहित कुमार की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से पॉलीथिन में रखी 1 किलो 180 ग्राम गांजा फूलपत्ती बरामद हुई। इस संबंध में थाना पुंडरी में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

अदालत में पेश होंगे तीनों आरोपी

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, दोनों मामलों में गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि नशे के इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। कैथल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।