कैथल, 29 अक्टूबर। कैथल पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए CIA-1 टीम ने 20 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कलायत के वार्ड नंबर 2 निवासी गौरव के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना शहर कैथल में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के लिए अदालत से चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
गुप्त सूचना के आधार पर CIA-1 पुलिस ने की नाकाबंदी
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार जिले में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत CIA-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह की अगुवाई में एएसआई कमलजीत सिंह की टीम खनौरी बाइपास ड्रेन पुल, शीला बाइपास के पास मौजूद थी।
इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि कलायत के वार्ड नंबर 2 निवासी गौरव कथित तौर पर हेरोइन बेचने का काम करता है। सूचना के अनुसार, वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर नशीला पदार्थ बेचने के लिए इस रास्ते से गांव पाडला की तरफ जाने वाला था।
सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर नाकाबंदी शुरू कर दी।
तलाशी में पॉलीथिन से मिली 20 ग्राम हेरोइन
कुछ समय बाद पुलिस टीम को जींद बाइपास की तरफ से एक युवक मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकवाकर काबू किया। पूछताछ में उसकी पहचान गौरव निवासी वार्ड नंबर 2, कलायत के रूप में हुई।
पुलिस सूचना के बाद मौके पर पहुंचे डीएसपी मुख्यालय कैथल बीर भान की मौजूदगी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक पॉलीथिन में 20 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।
चार दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना शहर कैथल में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की पूछताछ के लिए अदालत से चार दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस आरोपी से नशीले पदार्थ की आपूर्ति और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं के बारे में पूछताछ करेगी।
कैथल पुलिस के अनुसार, एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर एक ओर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।


