
कैथल, 24 जून। हरियाणा के कैथल जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कैथल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (SDU) ने एनएच-152डी पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक चालक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2 किलो 992 ग्राम अफीम बरामद की है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आईजी करनाल रेंज अशोक कुमार के निर्देश तथा एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में जिले में “नशा मुक्त हो जिला” अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में एएसआई तरसेम कुमार की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से पंजाब में सप्लाई के लिए भारी मात्रा में अफीम लेकर एक ट्रक एनएच-152डी से गुजरने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मोहना टोल के पास अंबाला मार्ग पर नाकाबंदी की। सुबह करीब 4 बजे नारनौल की ओर से आ रहे भारत बेंज ट्रक (PB-10JZ-8591) को रोककर जांच की गई। ट्रक चालक की पहचान अनिल कुमार निवासी धनखेरी, जिला चतरा (झारखंड) के रूप में हुई।
डीएसपी सुशील प्रकाश की मौजूदगी में ट्रक की तलाशी लेने पर कंडक्टर सीट के नीचे बने बॉक्स से ब्राउन टेप में पैक एक पार्सल बरामद हुआ। जांच में पार्सल के अंदर अफीम पाई गई, जिसका कुल वजन 2 किलो 992 ग्राम निकला। ट्रक में लोहे के तारों के बंडल लदे हुए थे और उनसे संबंधित परिवहन दस्तावेज भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि ट्रक में लोड सामान उड़ीसा से लुधियाना ले जाया जा रहा था, जबकि आरोपी झारखंड से अफीम लेकर पंजाब में सप्लाई करने की फिराक में था। आरोपी के खिलाफ थाना पूंडरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी का न्यायालय से 8 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान अफीम तस्करी से जुड़े नेटवर्क, सप्लायरों और खरीददारों के बारे में गहन पूछताछ की जाएगी। कैथल पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
Keywords: Kaithal Police, Kaithal News, Opium Seized in Kaithal, NDPS Act Case, NH-152D Drug Smuggling, Haryana Crime News, Drug Trafficker Arrested, SDU Kaithal, Punjab Drug Supply, Kaithal Breaking News



Leave a Reply