“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 4 अलग-अलग मामलों में 411 बोतल अवैध शराब बरामद, 4 आरोपी गिरफ्तार

कैथल, 17 जून। जिला पुलिस ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अलग-अलग चार मामलों में 411 बोतल अवैध शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक स्विफ्ट कार और एक मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार जिलेभर में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना कलायत, राजौंद और चीका पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए शराब तस्करों के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।

स्विफ्ट कार से 30 पेटी शराब बरामद

थाना कलायत के एसएचओ पीएसआई अमन के नेतृत्व में एएसआई बलजोर और सिपाही सुनील की टीम गांव खरक से सजूमा रोड हाईवे पुल के नीचे गश्त कर रही थी। इसी दौरान गांव सजूमा की ओर से आ रही एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान कार से 23 पेटी देशी शराब की बोतलें, 2 पेटी देशी पव्वे, 2 पेटी देशी आधा तथा 3 पेटी बीयर बरामद हुई। कुल मिलाकर 360 बोतल शराब बरामद की गई। आरोपी चालक की पहचान गांव खरक पांडवा निवासी जसमेर के रूप में हुई। पुलिस ने शराब और वाहन दोनों को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया।

बाइक सवार से 16 बोतल शराब बरामद

एक अन्य मामले में थाना कलायत पुलिस की टीम गांव मटौर-बढ़सीकरी रोड पर रात्रि गश्त कर रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार तेज रफ्तार में गुजरता दिखाई दिया। पुलिस ने पीछा कर उसे काबू कर लिया।

आरोपी की पहचान गांव बढ़सीकरी खुर्द निवासी दीपक के रूप में हुई। जांच के दौरान बाइक की टंकी पर रखी गत्ते की पेटी से 16 बोतल देशी शराब बरामद हुई।

मकान पर दबिश देकर 14 बोतल शराब जब्त

थाना राजौंद पुलिस के एसआई महिपाल के नेतृत्व में टीम ने गांव सेरधा निवासी बलिन्द्र सिंह के मकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान मकान से 14 बोतल देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

चीका में 20 बोतल हथकड़ी शराब सहित आरोपी गिरफ्तार

थाना चीका पुलिस के एएसआई विकास कुमार की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सत्संग भवन चीका के पास नाकाबंदी की। इस दौरान पैदल आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई।

आरोपी की पहचान वार्ड नंबर 4, चीका निवासी बुटा सिंह के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक प्लास्टिक कट्टे में रखी 20 बोतल हथकड़ी शराब बरामद हुई।

आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सभी चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए गए हैं। बरामद शराब को कब्जे में लेकर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

मुख्य बिंदु

  • 4 अलग-अलग मामलों में 4 आरोपी गिरफ्तार
  • कुल 411 बोतल अवैध शराब बरामद
  • स्विफ्ट कार और बाइक जब्त
  • कलायत, राजौंद और चीका पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
  • एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर चल रहा विशेष अभियान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *