
कैथल, 28 जून। जिला पुलिस द्वारा ‘नशा मुक्त हो जिला अभियान’ के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुंडरी पुलिस और चौकी महमूदपुर पुलिस ने अलग-अलग दो मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 100 ग्राम चूरा पोस्त, 9.73 ग्राम हेरोइन तथा 2 लीटर अवैध हथकड़ी शराब बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पहले मामले में थाना पुंडरी प्रभारी इंस्पेक्टर शिवकुमार के नेतृत्व में एसआई बहादुर सिंह की टीम गश्त के दौरान गांव हाबड़ी में कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव की चौपाल पर दबिश देकर गांव हाबड़ी निवासी राममेहर सिंह को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 9.73 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना पुंडरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

दूसरे मामले में चौकी महमूदपुर प्रभारी एसआई राजबीर सिंह की टीम ने गुप्त सूचना पर भाखड़ा नहर रोड, गोविंद नगर के पास नाकाबंदी की। इस दौरान बाइक पर सवार गांव महमूदपुर निवासी सुखविंद्र सिंह और रवि सिंह को रोककर तलाशी ली गई। आरोपियों के पास से 1 किलो 100 ग्राम चूरा पोस्त तथा 2 लीटर अवैध हथकड़ी शराब बरामद हुई। दोनों के खिलाफ थाना गुहला में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। उनसे पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि नशीले पदार्थ और अवैध शराब कहां से लाई गई तथा किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जाती थी।
जिला पुलिस ने कहा कि ‘नशा मुक्त हो जिला अभियान’ के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply