स्निफर डॉग की मदद से चलाया गया सघन तलाशी अभियान, डीएसपी बीर भान के नेतृत्व में संदिग्ध ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी
2026 में अब तक नशा तस्करी के 190 मामलों में 305 आरोपी गिरफ्तार, नशा मुक्त जिला बनाना कैथल पुलिस का लक्ष्य
कैथल, 30 अक्टूबर। जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से कैथल पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार शुक्रवार सुबह कलायत की सेंसी बस्ती में व्यापक सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 150 पुलिसकर्मियों की टीम ने स्निफर डॉग की सहायता से संदिग्ध नशा तस्करों के करीब 50 घरों की सघन तलाशी ली।
डीएसपी मुख्यालय बीर भान के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान में थाना कलायत के एसएचओ एसआई रणदीप और सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार सहित भारी पुलिस बल शामिल रहा। पुलिस टीमों ने बस्ती के संदिग्ध घरों के साथ-साथ आसपास के अन्य ठिकानों को भी खंगाला, ताकि मादक पदार्थों की संभावित छिपाव स्थलों और गैरकानूनी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
स्निफर डॉग की मदद से संदिग्ध ठिकानों की तलाशी
सर्च अभियान के दौरान पुलिस ने आधुनिक तरीकों और स्निफर डॉग की सहायता से संदिग्ध स्थानों की जांच की। डीएसपी बीर भान ने बताया कि इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य नशा तस्करी में संलिप्त लोगों पर शिकंजा कसना और क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे का अवैध कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस द्वारा ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
2026 में 190 मामलों में 305 नशा तस्कर गिरफ्तार
डीएसपी बीर भान ने बताया कि कैथल पुलिस द्वारा वर्ष 2026 में अब तक नशा तस्करी के 190 मामले दर्ज कर 305 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का उद्देश्य नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ना और युवाओं को नशे की गिरफ्त में आने से बचाना है।
उन्होंने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर है और भविष्य में भी इस प्रकार के सर्च अभियान जारी रहेंगे।
नशा तस्करी की सूचना पुलिस को दें, पहचान रहेगी गुप्त
सर्च अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने स्थानीय लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक भी किया। पुलिस ने आमजन से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
डीएसपी बीर भान ने कहा कि कैथल पुलिस का लक्ष्य केवल नशा तस्करों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि पूरे जिले को नशे के अभिशाप से मुक्त करना है। उन्होंने आमजन से पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि नशा तस्करी करने वालों के लिए समाज में कोई जगह नहीं है और उनकी सही जगह जेल है।



