कैथल, 2 जुलाई। स्वच्छ एवं स्वस्थ कैथल के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए नगर परिषद कैथल ने नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष स्वच्छता जागरूकता पुस्तिका तैयार की है। इस पुस्तिका का विमोचन जिला उपायुक्त (डीसी) अपराजिता ने लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में किया।
इस अवसर पर नगर परिषद की चेयरपर्सन सुरभि गर्ग, एडीसी सुशील कुमार तथा डीएमसी कपिल शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
डीसी अपराजिता ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण केवल सफाई तक सीमित अभियान नहीं है, बल्कि शहर को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और आधुनिक बनाने का जन आंदोलन है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद और नगर पालिकाएं इस वर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व भी है। नगर परिषद द्वारा तैयार की गई यह पुस्तिका लोगों को कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन, गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण तथा सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा रखने के प्रति जागरूक करेगी।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस पुस्तिका का व्यापक स्तर पर वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक स्वच्छता अभियान से जुड़ें और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
यह पहल न केवल स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना को भी मजबूत करेगी। :::


Leave a Reply