“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में पूर्व सैनिकों ने शहीद स्मारकों पर फहराया तिरंगा, अमर वीर बलिदानियों को दी श्रद्धांजलि

कैथल, 9 अगस्त 2026। हर घर तिरंगा महोत्सव के तहत देशभक्ति और सैनिक सम्मान की अनूठी मिसाल पेश करते हुए पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल के सदस्यों ने जिलेभर में स्थित शहीदों के स्मारकों पर तिरंगा फहराया और अमर वीर बलिदानियों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। पूर्व सैनिकों ने निर्णय लिया कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत उनका पहला तिरंगा उन शहीद साथियों और पूर्वजों के स्मारकों पर फहराया जाएगा, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।

एसोसिएशन के प्रधान जगजीत फौजी ने बताया कि सरकार और प्रशासन की ओर से 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा महोत्सव मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में पूर्व सैनिकों की बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि जिले के सभी शहीद स्मारकों पर पूर्व सैनिक स्वयं तिरंगा फहराकर शहीदों को नमन करेंगे।

जिले के सभी शहीद स्मारकों पर लगाई पूर्व सैनिकों की ड्यूटी

जगजीत फौजी ने बताया कि बैठक के बाद जिले के विभिन्न शहीद स्मारकों पर तिरंगा फहराने और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के लिए पूर्व सैनिकों की ड्यूटी लगाई गई। एसोसिएशन कार्यालय में सामूहिक रूप से तिरंगे लाकर पूर्व सैनिकों को वितरित किए गए।

इसके बाद पूर्व सैनिकों ने अपने शहीद साथियों, बुजुर्गों और पूर्वजों के स्मारकों पर पहुंचकर तिरंगा फहराया। इस दौरान कई पूर्व सैनिक भावुक भी दिखाई दिए। शहीद साथियों के साथ बिताए पुराने दिनों को याद करते हुए उनकी आंखों में आंसू छलक आए। गांवों और शहरों में स्थित शहीद स्मारकों पर दिनभर तिरंगा फहराने और श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी रहा।

10 अगस्त को जिला परिषद परिसर में होगा सामूहिक श्रद्धांजलि कार्यक्रम

एसोसिएशन प्रधान जगजीत फौजी ने बताया कि 10 अगस्त को सुबह 9:30 बजे जिला परिषद कैथल परिसर में रखी अमर बलिदानियों की प्रतिमाओं पर सामूहिक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शहीद परिवारों के साथ-साथ थल सेना, वायु सेना, नौसेना और अर्धसैनिक बलों के पूर्व सैनिक शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। पूर्व सैनिकों ने अपने शहीद साथियों को तिरंगा अर्पित कर देशभक्ति और सैनिक एकता का संदेश दिया है।

सरपंचों, पंचों और गणमान्य लोगों ने बढ़ाया पूर्व सैनिकों का मनोबल

इस अभियान में जिले के विभिन्न गांवों के सरपंच, पंच, नगर पार्षद और गणमान्य लोग भी शामिल हुए। एसोसिएशन ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके साथ खड़े होने से सैनिकों और पूर्व सैनिकों का मनोबल बढ़ा है।

इस अवसर पर सरपंच जसवीर सिंह क्योड़क, सरपंच गजे सिंह फौजी देवबन, सरपंच सुरेश सहारण खरक पण्डवा, सरपंच गुरताज अगौंध, एमसी जितेंद्र वार्ड नंबर 14, एमसी अशोक राणा, सरपंच मिता राम पुनिया फ्रांस वाला, सरपंच फूल कुमार ब्राह्मणी वाला सहित अनेक सरपंच, पंच और ग्रामीण मौजूद रहे।

जिला एयरफोर्स एसोसिएशन के प्रधान एचएफओ भीम सिंह गिल, कैप्टन राजेंद्र राणा, सूबेदार उदे भान शर्मा, रिसालदार मेजर गोपी चंद करोड़ा, सूबेदार अवतार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों में कैप्टन बलजीत मोर, कैप्टन मुख्तार सिंह जांगड़ा, सार्जेंट बलवंत राज एसडीओ, फौजी कर्मवीर, कैप्टन नरेंद्र सिंह क्योड़क, एचएफओ महेंद्र सिंह राणा, दफेदार सतपाल सिंह, हवलदार मदन चहल समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, शहीद परिवार और सैनिक परिवार मौजूद रहे।

जगजीत फौजी ने कहा कि पूर्व सैनिकों को उम्मीद है कि 10 अगस्त के सामूहिक श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में सैनिक परिवार और पूर्व सैनिक एकजुट होकर हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि देश के अमर बलिदानियों के सम्मान में “सैनिक एकता जिंदाबाद” के नारों के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *