“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में नशा तस्करों पर पुलिस का एक्शन, 500 लीटर लाहण और 5 बोतल हथकढ़ शराब बरामद

कैथल, 13 सितंबर। जिले को नशा मुक्त बनाने और अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए कैथल पुलिस का अभियान लगातार जारी है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर चलाए जा रहे “नशा मुक्त हो जिला अभियान” के तहत रविवार को थाना शहर और थाना राजोद पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में सघन सर्च एवं चेकिंग अभियान चलाया।

पुलिस टीमों ने डेरा गरजा सिंह तथा थाना राजोद क्षेत्र के गांव सेरदा और नरवाल में संदिग्ध व्यक्तियों, घरों और संभावित ठिकानों की गहन तलाशी ली। अभियान का उद्देश्य नशा एवं शराब तस्करी से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना रहा।

डेरा गरजा सिंह में शराब तस्कर गिरफ्तार

थाना शहर पुलिस ने एसएचओ इंस्पेक्टर सतपाल के नेतृत्व में डेरा गरजा सिंह में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने सुखविंद्र सिंह को काबू किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने फर्श के नीचे एक टंकी दबाकर रखी हुई थी। तलाशी के दौरान टंकी से शराब तैयार करने के लिए रखा गया 500 लीटर लाहण बरामद किया गया। इसके अलावा एक प्लास्टिक की केनी से 5 बोतल हथकढ़ शराब भी बरामद हुई।

सेरदा और नरवाल में भी चला सर्च अभियान

वहीं, थाना राजोद प्रभारी एसआई हरपाल सिंह के नेतृत्व में गांव सेरदा और नरवाल में सर्च अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने संदिग्ध नशा एवं शराब तस्करों के घरों तथा संभावित ठिकानों की जांच की।

पुलिस ने इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ यह भी जांच की कि कहीं किसी स्थान पर मादक पदार्थ, अवैध शराब या अन्य गैरकानूनी सामग्री छिपाकर तो नहीं रखी गई है।

नशा तस्करी करने वालों को नहीं बख्शा जाएगा: एसपी

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि जिला पुलिस का मुख्य उद्देश्य कैथल को नशा मुक्त बनाना और अपराधियों में कानून का भय पैदा करना है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी और अवैध शराब जैसे समाज विरोधी अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जा रही है और जिले के अलग-अलग गांवों व बस्तियों में लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन, सर्च अभियान और चेकिंग की जा रही है।

कैथल पुलिस का कहना है कि नशा और अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *