“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में फैक्ट्री से चोरी का खुलासा: एंटी नारकोटिक सेल ने कबाड़ी समेत दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

कैथल, 5 अगस्त। कैथल जिला पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निर्माणाधीन फैक्ट्री में हुई चोरी के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चोरी करने वाला युवक और चोरी का सामान खरीदने वाला कबाड़ी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा तांबा, कांसा के बर्तन तथा अन्य सामान भी बरामद कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार की गई कार्रवाई में एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एचसी अनिल कुमार की टीम ने अर्जुन नगर निवासी राजकुमार और माता गेट निवासी कबाड़ी शिवकुमार को गिरफ्तार किया।

सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम सुराग

पुलिस के अनुसार, पट्टी अफगान निवासी पाला राम ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी निर्माणाधीन न्यू फैरैन्डस मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री से अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। 28 जुलाई को फैक्ट्री का निरीक्षण करने पर चोरी का पता चला।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में 25 जुलाई की सुबह करीब 4:32 बजे एक व्यक्ति फैक्ट्री में प्रवेश करता दिखाई दिया। करीब 5:02 बजे वह तांबा, कांसा के बर्तन और अन्य सामान लेकर बाहर निकलता नजर आया। इसके आधार पर थाना शहर कैथल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

चोरी का सामान कबाड़ी को बेचा था

पूछताछ में आरोपी राजकुमार ने स्वीकार किया कि उसने चोरी किया गया सामान चीका रोड स्थित कबाड़ी शिवकुमार को बेच दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरीशुदा सामान बरामद कर लिया।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जिला पुलिस ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Keywords: Kaithal Factory Theft, Kaithal Police, Anti Narcotic Cell Kaithal, Factory Theft Case, Kaithal Crime News, चोरी का सामान बरामद, कबाड़ी गिरफ्तार, कैथल पुलिस, फैक्ट्री चोरी, हरियाणा अपराध समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *