“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का 135वां जन्मोत्सव श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया गया

कैथल में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का 135वां जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया

📍 कैथल | 🗓️ Updated: April 2026
एससी-बीसी एकता मंच द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बाबा साहब के विचारों को अपनाने और संविधान की रक्षा करने का संदेश दिया गया।

कैथल, 14 अप्रैल: एससी, बीसी एकता मंच संत गुरु रविदास मंदिर प्रताप गेट कैथल की ओर से संविधान निर्माता भारत रत्न, नारी के मुक्तिदाता, समाज सुधारक और महान विचारक परम पूज्य बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी का 135वां जन्मोत्सव कार्यक्रम बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मान्यवर जिले सिंह जांगड़ा रहे, जबकि मंच का संचालन मान्यवर सुरेन्द्र सिरटा ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मान्यवर जगदीश मैहरा, प्रेम जांगड़ा और मिंया सिंह निम्बरान ने संयुक्त रूप से की।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. अश्विनी हतवाल ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब किसी एक जाति के नहीं, बल्कि सभी जाति और धर्म के लोगों के आदर्श हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि अंबेडकर विचारधारा को पूरे देश में फैलाया जाए।

राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता सुरेश रोड़ ने कहा कि सभी नागरिकों को बाबा साहब द्वारा रचित संविधान की रक्षा करनी चाहिए। यदि कोई भी ताकत संविधान के खिलाफ कार्य करती है, तो उसका मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि जिले सिंह जांगड़ा ने सभी को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और बाबा साहब के मूल मंत्र “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बिना किसी हिंसा के अपने अधिकारों को प्राप्त करना ही बाबा साहब की सच्ची शिक्षाओं का पालन है।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने उस महान व्यक्तित्व को नमन किया, जिन्होंने समाज को समानता, न्याय और आत्मसम्मान का मार्ग दिखाया। बाबा साहब का जीवन संघर्ष, ज्ञान और प्रेरणा का अद्भुत उदाहरण है।

यह भी बताया गया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने लगभग 32 डिग्रियां प्राप्त की थीं, जिससे प्रेरणा लेकर बच्चों को शिक्षा के प्रति अधिक जागरूक होना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान मिशनरी गायकों और बच्चों ने बाबा साहब की जीवनी और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला, जिससे पूरे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।

इस अवसर पर एससी-बीसी एकता मंच के प्रधान जगदीश मैहरा, दलबीर राठी, राज्य संयोजक हजरस, राजेश सिंहमार, मिंया सिंह निम्बरान, संजय भोरिया, सोनू भोला, शमशेर सिंह, ललित, करतार, महेंद्र धानिया, ओम प्रकाश सोलरा, बलजीत सिंह जस्सी, सतीश पाटिल, कर्म सिंह, करतार सिंह, सत्यवान मुंगेरिया, बलदेव आर्य, नफे सिंह, प्रेम जांगड़ा, दयानंद रंगा, यशपाल पावरिया, शक्ति अंबेडकर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

More News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *