कैथल, 29 अक्टूबर। कैथल पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 296 किलो 255 ग्राम डोडापोस्त बरामदगी के मामले में फरार सहआरोपी नारंग उर्फ रंगा को गिरफ्तार किया है। आरोपी पंजाब के जिला पटियाला के गांव मरौड़ी का निवासी है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।
पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार नशा तस्करी के मामलों में आरोपियों तक पहुंचने और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ के प्रभारी एसआई मुकेश कुमार के नेतृत्व में एएसआई अजीत सिंह की टीम ने यह गिरफ्तारी की।
नाकाबंदी के दौरान गाड़ी से बरामद हुआ था 296 किलो डोडापोस्त
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 18 नवंबर 2025 को एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की एएसआई जसमेर सिंह की टीम ने कैथल में खनौरी बाईपास स्थित अंडरब्रिज के पास नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान पुलिस ने एक गाड़ी को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक गाड़ी लेकर भागने लगा।
गाड़ी चालक ने अंबेडकर चौक के पास एक गली में वाहन मोड़ दिया। आगे रास्ता संकरा होने के कारण गाड़ी में सवार दो व्यक्ति उतरकर भागने लगे। सतर्क पुलिस टीम ने एक व्यक्ति को मौके पर पकड़ लिया, जबकि दूसरा व्यक्ति फरार हो गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान पंजाब के जिला पटियाला के गांव मरौड़ी निवासी सुखविंद्र उर्फ काला के रूप में हुई थी। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें रखे 15 कट्टों से 296 किलो 255 ग्राम डोडापोस्त बरामद हुआ था। इस संबंध में थाना शहर कैथल में मामला दर्ज किया गया था।
पूछताछ में सामने आया सहआरोपी का नाम
मामले की आगामी जांच एएसआई अजीत सिंह की टीम द्वारा की गई। सुखविंद्र उर्फ काला से पूछताछ के दौरान फरार व्यक्ति की पहचान उसके साथी नारंग उर्फ रंगा निवासी गांव मरौड़ी, जिला पटियाला, पंजाब के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, नारंग उर्फ रंगा किसी अन्य मामले में राजस्थान की शाहपुर जेल में बंद था। इसके बाद उसे अदालत के आदेशानुसार प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया और नियमानुसार गिरफ्तार किया गया।
पांच दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी
कैथल पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से डोडापोस्त तस्करी के मामले में व्यापक पूछताछ की जाएगी, ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके।
कैथल पुलिस का कहना है कि पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार नशा तस्करी में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।


