कैथल, 28 जून। हरियाणा के कैथल में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शेयर मार्केट में भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 2 करोड़ 50 लाख 51 हजार 597 रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कैथल निवासी शिक्षा विभाग के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने फेसबुक पर शेयर मार्केट में निवेश से जुड़ा एक विज्ञापन देखा। विज्ञापन में दिए गए लिंक के माध्यम से वे एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े, जहां खुद को निवेश सलाहकार बताने वाले लोगों ने उन्हें कम समय में भारी मुनाफे का लालच दिया।
आरोपियों ने शिकायतकर्ता को SBI Securities के नाम से मिलती-जुलती फर्जी वेबसाइट पर वर्चुअल वॉलेट बनवाया और वीडियो KYC के जरिए भरोसा जीत लिया। शुरुआत में 1 सितंबर 2025 को 50 हजार रुपये निवेश करवाए गए और विश्वास कायम रखने के लिए 1 हजार रुपये वापस भी भेजे गए।
इसके बाद लगातार अधिक मुनाफे का झांसा देकर शिकायतकर्ता से अलग-अलग बैंक खातों में करोड़ों रुपये ट्रांसफर करवाए गए। फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर वर्चुअल वॉलेट में करोड़ों रुपये का काल्पनिक लाभ दिखाया जाता रहा, जिससे पीड़ित लगातार निवेश करता रहा।
जब शिकायतकर्ता ने अपनी जमा राशि निकालने का प्रयास किया तो आरोपियों ने फर्जी SBI Securities की रसीद भेजकर कंपनी कमीशन के नाम पर भी लाखों रुपये जमा करवा लिए। इसके बावजूद कोई राशि वापस नहीं मिली। बैंक से जानकारी लेने पर पीड़ित को साइबर ठगी का पता चला।
शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम कैथल में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान थाना साइबर क्राइम के एसएचओ एसआई रणदीप सिंह की टीम ने उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के गांव मीरपुर कोनिया निवासी संजय कुमार, सतरोहन कुमार तथा गांव अम्बापुर निवासी दलीप को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि साइबर ठगी में संजय कुमार और सतरोहन कुमार के बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया, जबकि दलीप ने कमीशन लेकर इन बैंक खातों को अन्य साइबर अपराधियों तक उपलब्ध कराया।
पुलिस ने आरोपी दलीप का व्यापक पूछताछ के लिए 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है, जबकि अन्य दोनों आरोपियों को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
SEO Keywords:
Kaithal Cyber Crime News, Kaithal Cyber Fraud, Share Market Fraud, Cyber Crime Kaithal, Haryana Cyber Police, Online Investment Scam, Fake SBI Securities Website, WhatsApp Investment Scam, Cyber Fraud News Haryana, Kaithal Police News, 2.50 Crore Cyber Fraud, Cyber Scam India


Leave a Reply