कैथल, 29 अक्टूबर। कैथल जिले में अवैध पटाखे बनाने और रखने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 178 किलो 600 ग्राम चटर-पटर पटाखे बरामद किए हैं। पुंडरी पुलिस चौकी की टीम ने फतेहपुर में एक मकान पर दबिश देकर पटाखों से भरी 20 गत्ता पेटियां बरामद कीं। इस मामले में थाना पुंडरी में केस दर्ज कर पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पुंडरी पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई ऋषि कुमार के नेतृत्व में एचसी बलजीत सिंह की टीम अपराधों की रोकथाम के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को माता मनसा देवी रोड, फतेहपुर के पास गुप्त सूचना मिली कि गांव दिल्लोवाली निवासी बलवान, जो फिलहाल खेड़ी मटेरवा रोड पर सरकारी स्कूल के नजदीक रहता है, बिना लाइसेंस और परमिट के छोटे पटाखे बनाने का काम करता है।
सूचना में यह भी बताया गया कि पटाखे बनाते समय वह आग से झुलस गया है। सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत बताए गए मकान पर छापेमारी की।
20 पेटियों में मिले छोटे पटाखे
छापेमारी के दौरान मकान में काफी संख्या में गत्ता पेटियां रखी मिलीं। जांच करने पर कुल 20 पेटियां चटर-पटर यानी छोटे पटाखों से भरी हुई पाई गईं। सभी पेटियों का वजन करवाने पर कुल 178 किलो 600 ग्राम पटाखे मिले।
पुलिस सूचना के बाद मौके पर पहुंचे दमकल केंद्र पुंडरी के इंचार्ज कश्मीर सिंह ने भी पटाखों को अवैध बताया।
थाना पुंडरी में मामला दर्ज
पुलिस ने बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर थाना पुंडरी में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
कैथल हरित | Kaithal Harit News

