


कैथल, 26 जून। जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने विभिन्न जन शिकायतों की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में कई मामलों का मौके पर समाधान किया गया, जबकि कुछ गंभीर शिकायतों की जांच के लिए संयुक्त समितियां गठित की गईं।
अशोका गार्डन निवासी इंद्रजीत ने सेक्टर-21 में आवंटित प्लॉट की सभी किस्तें जमा करने के बावजूद पजेशन ऑफर लेटर नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर मंत्री ने एडीसी, एचएसवीपी के ईओ तथा जिला कष्ट निवारण समिति के गैर-सरकारी सदस्य गोपाल सैनी की संयुक्त समिति बनाकर मामले की जांच के निर्देश दिए। शिकायत को अगली बैठक तक लंबित रखा गया।
गांव हरिपुरा निवासी सुरेंद्र कुमार व अन्य ने एक डिपो धारक पर राशन वितरण में अनियमितता और गबन का आरोप लगाया। शिकायतकर्ताओं की असंतुष्टि को देखते हुए एसडीएम कलायत की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित कर निष्पक्ष जांच के आदेश दिए गए।
महादेव कॉलोनी निवासी अजरुद्दीन सहित अन्य लोगों ने अवैध पोल्ट्री फार्म से फैल रही गंदगी और दुर्गंध की शिकायत की। विभाग द्वारा सफाई कार्य पूरा करने और शिकायतकर्ता द्वारा संतुष्टि जताने के बाद मामले का निपटारा कर दिया गया।
डीएवी कॉलोनी निवासी मूर्ति देवी ने कई वर्षों से सीवर का पानी घर में घुसने और मकान को नुकसान पहुंचने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जनस्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा एक गैर-सरकारी सदस्य की संयुक्त समिति बनाकर विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए गए। मामले को अगली बैठक तक लंबित रखा गया।
बैठक में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि जिला कष्ट निवारण समिति का उद्देश्य आमजन को त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक बिना किसी बाधा के पहुंचे।
बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, विधायक सतपाल जांबा, जिला परिषद चेयरमैन कर्मबीर कौल, सांसद नवीन जिंदल के प्रतिनिधि रविंद्र धीमान, पूर्व जिला अध्यक्ष मनीष कठवाड़, समिति के सदस्य, उपायुक्त अपराजिता, एसपी मनप्रीत सिंह सूदन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






Leave a Reply