कैथल, 2 जुलाई। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) डॉ. सुशील कुमार ने वीरवार को कोठी गेट स्थित श्री सनातन धर्म सभा द्वारा संचालित बाल उपवन आश्रम (विशेष दत्तक ग्रहण एजेंसी) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आश्रम में रह रहे बच्चों और वृद्धजनों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया तथा उनकी देखभाल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने बच्चों से आत्मीयता से बातचीत की और उनकी पढ़ाई, खेलकूद तथा अन्य गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने आश्रम परिसर की स्वच्छता, भोजन व्यवस्था, आवासीय सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों से बच्चों की दैनिक दिनचर्या और देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
एडीसी ने संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जरूरतमंद बच्चों और वृद्धजनों की सेवा करना एक पुनीत कार्य है। उन्होंने आश्रम प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन सामाजिक संस्थाओं के सहयोग के लिए हमेशा तत्पर है, ताकि जरूरतमंद लोगों को बेहतर वातावरण और आवश्यक सुविधाएं मिलती रहें।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बच्चों के सर्वांगीण विकास और बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।
इस अवसर पर श्री सनातन धर्म सभा के प्रधान रवि भूषण गर्ग, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष भीमसेन अग्रवाल, सदस्य गुरुदेव रितु सिंगला, जेजे बोर्ड की सदस्य रितु राणा, अंजू जिंदल, जिला बाल संरक्षण अधिकारी शशि बाला, कोमल, डॉ. अनिल अग्रवाल, मोनिका बंसल, नरेश पंवार, सुरेश कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






Leave a Reply