कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 411 बोतल अवैध शराब सहित 4 आरोपी गिरफ्तार
कैथल। जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अलग-अलग चार मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 411 बोतल अवैध शराब बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान एक स्विफ्ट कार और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार जिलेभर में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कलायत, राजौंद और चीका पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की।
स्विफ्ट कार से 360 बोतल शराब बरामद
पहले मामले में थाना कलायत पुलिस के एएसआई बलजोर और सिपाही सुनील की टीम गांव खरक से सजूमा रोड हाईवे पुल के नीचे गश्त कर रही थी। इसी दौरान गांव सजूमा की ओर से आ रही एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार से 23 पेटी देशी शराब की बोतलें, 2 पेटी देशी पव्वे, 2 पेटी देशी आधा तथा 3 पेटी बीयर बरामद हुई। कुल मिलाकर 360 बोतल शराब बरामद की गई। कार चालक की पहचान गांव खरक पांडवा निवासी जसमेर के रूप में हुई। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
बाइक सवार से 16 बोतल शराब बरामद
दूसरे मामले में थाना कलायत पुलिस की टीम रात के समय गांव मटौर से बढ़सीकरी रोड पर गश्त कर रही थी। इस दौरान एक बाइक सवार संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। पुलिस ने पीछा कर उसे काबू कर लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान गांव बढ़सीकरी खुर्द निवासी दीपक के रूप में हुई। बाइक की टंकी पर रखे गत्ते के डिब्बे की जांच करने पर उसमें से 16 बोतल देशी शराब बरामद हुई।
मकान पर दबिश देकर 14 बोतल शराब बरामद
तीसरे मामले में थाना राजौंद पुलिस के एसआई महिपाल की टीम ने गांव सेरधा निवासी बलिंद्र सिंह के मकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान मकान से 14 बोतल देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया।
20 बोतल हथकड़ी शराब सहित आरोपी गिरफ्तार
चौथे मामले में थाना चीका पुलिस के एएसआई विकास कुमार की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सत्संग भवन चीका के पास नाकाबंदी की। इस दौरान पैदल आ रहे वार्ड नंबर 4, चीका निवासी बुटा सिंह को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक प्लास्टिक कट्टे में 20 बोतल हथकड़ी शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए हैं। जिला पुलिस का कहना है कि अवैध शराब तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।









Leave a Reply