जन कल्याण शिविरों में नागरिकों की समस्याओं का किया जा रहा समाधान, 19 जून को भी लगेंगे शिविर
सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित शिविरों में योजनाओं की जानकारी के साथ समस्याओं का किया जा रहा निस्तारण
कैथल। सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिलेभर में जन कल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से कैथल लघु सचिवालय सभागार के अलावा कलायत, पूंडरी तथा गुहला-चीका के बीडीपीओ कार्यालयों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई है कि 19 जून को भी इन शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
डीसी अपराजिता के दिशा-निर्देशों के अनुसार एसडीएम कैथल संजय कुमार, कलायत एवं गुहला-चीका के एसडीएम अजय हुड्डा तथा एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार के मार्गदर्शन में इन शिविरों का संचालन किया जा रहा है।
सरकारी योजनाओं की दी जा रही जानकारी
एसडीएम कैथल संजय कुमार ने बताया कि शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री जन धन योजना, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान आईडी, किसान कार्ड तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
इसके साथ-साथ पात्र नागरिकों का पंजीकरण भी किया जा रहा है ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
एक ही स्थान पर समस्याओं का समाधान
उन्होंने कहा कि जन कल्याण शिविरों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की विभिन्न समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाना है। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल
कलायत एवं गुहला-चीका के एसडीएम अजय हुड्डा ने बताया कि बीडीपीओ कार्यालयों में आयोजित शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों की शिकायतों, मांगों और समस्याओं का निस्तारण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई भी मौके पर की जा रही है। जन कल्याण शिविरों का उद्देश्य आमजन को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत प्रदान करना है।
19 जून को भी उपलब्ध रहेंगे अधिकारी
एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार ने बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए सरकार द्वारा इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है और प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि 19 जून को भी आयोजित होने वाले शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। आमजन अपनी समस्याओं, शिकायतों और मांगों के समाधान के लिए शिविरों में पहुंच सकते हैं।
अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
अधिकारियों ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में जन कल्याण शिविरों में पहुंचकर सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रता अनुसार उनका लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से लोगों को सरकारी सेवाएं और सुविधाएं सरल एवं सुगम तरीके से उपलब्ध करवाई जा रही हैं।


Leave a Reply