कैथल, 30 सितंबर। इंदिरा गांधी पी.जी. महिला महाविद्यालय, कैथल में दिवा चौकीदार के पद पर कार्यरत श्री जगजीवन प्रसाद के सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कॉलेज में करीब 35 वर्षों तक सेवाएं देने वाले जगजीवन प्रसाद को महाविद्यालय परिवार की ओर से सम्मान एवं शुभकामनाओं के साथ विदाई दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ संगीत विभाग की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत अभिनंदन कार्यक्रम के साथ हुआ। कॉलेज प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग, सायंकालीन प्राचार्या प्रभारी डॉ. श्वेता तंवर तथा कॉलेज स्टाफ सदस्यों ने श्री जगजीवन प्रसाद एवं उनके परिवारजनों का महाविद्यालय परिसर में पहुंचने पर स्वागत किया।
इस अवसर पर डॉ. सलिन्द्र आचार्य, प्रो. प्रियंका बिंदलिश, डॉ. हेमलता और प्रो. शिल्पा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए जगजीवन प्रसाद को सेवानिवृत्ति पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उनके लंबे सेवाकाल के दौरान महाविद्यालय के प्रति किए गए योगदान और समर्पण की सराहना की।
1 जनवरी 1991 से शुरू किया था सेवाकाल
श्री जगजीवन प्रसाद ने 1 जनवरी 1991 को इंदिरा गांधी पी.जी. महिला महाविद्यालय में दिवा चौकीदार के रूप में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। उनका सेवाकाल 30 सितंबर 2026 तक रहा। इस दौरान उन्होंने करीब 35 वर्षों तक महाविद्यालय की सेवा की।
अपने विदाई संबोधन में जगजीवन प्रसाद ने सेवाकाल के दौरान के अपने अनुभव साझा किए और महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कॉलेज में बिताया लंबा समय उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है।
11 हजार रुपये का चेक और स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित
महाविद्यालय महिला समिति के प्रधान श्री जगदीश बहादुर खुरानिया तथा प्रबंधक समिति के प्रधान श्री राम बहादुर खुरानिया ने जगजीवन प्रसाद और उनके परिवार को सेवानिवृत्ति पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
प्रबंधक समिति की ओर से उन्हें 11,000 रुपये का चेक और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा महाविद्यालय के टीचिंग एवं नॉन-टीचिंग स्टाफ सदस्यों ने भी उन्हें उपहार भेंट किए और उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जगजीवन प्रसाद ने कॉलेज को भेंट किए 21 हजार रुपये
सेवानिवृत्ति के अवसर पर श्री जगजीवन प्रसाद ने अपनी नेक कमाई में से 21,000 रुपये की नकद राशि महाविद्यालय को भेंट की। इस भावनात्मक योगदान के लिए महाविद्यालय परिवार ने उनका आभार व्यक्त किया।
विदाई समारोह में जगजीवन प्रसाद की पत्नी श्रीमती लखपता, पुत्र विनय, जीजा अयोध्या सिंह, पुत्रवधू सहित अन्य परिवारजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रबंधक समिति से श्री सोमप्रकाश मंगल एवं श्री सतीश चावला सहित महाविद्यालय का टीचिंग एवं नॉन-टीचिंग स्टाफ मौजूद रहा। समारोह में सभी ने जगजीवन प्रसाद के स्वस्थ एवं सुखमय सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।


Leave a Reply