कैथल, 12 सितंबर। जिला कैथल पुलिस ने ‘नशा मुक्त हो जिला’ अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में एंटी नारकोटिक सेल कैथल, सीआईए गुहला और थाना सीवन पुलिस ने अलग-अलग तीन मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 16.84 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और 2 बोतल हथकढ़ी शराब बरामद की है।
6.85 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार
पहले मामले में एंटी नारकोटिक सेल कैथल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एसआई जयभगवान की टीम गांव सोलूमाजरा में रात्रिकालीन गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सोलूमाजरा से जडौला जाने वाली सड़क पर एक व्यक्ति नशीला पदार्थ लेकर किसी के इंतजार में खड़ा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सोलूमाजरा रेलवे फाटक के पास दबिश देकर एक व्यक्ति को काबू किया। उसकी पहचान पबनावा निवासी अजय उर्फ गोलू के रूप में हुई। ईटीओ कंचन पांड्या की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी की जेब से पन्नी में 6.85 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। इस संबंध में थाना ढांड में मामला दर्ज किया गया है।
6.49 ग्राम चिट्टा के साथ बाइक सवार काबू
दूसरे मामले में सीआईए गुहला प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार के नेतृत्व में एएसआई मनोज कुमार की टीम गांव सदरहेड़ी बस अड्डे पर गश्त कर रही थी। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सदरहेड़ी से कल्लर माजरा रोड पर निगरानी शुरू की।
कुछ समय बाद बताए गए हुलिए और बाइक नंबर के आधार पर एक व्यक्ति को रोककर काबू किया गया। आरोपी की पहचान गांव खरकां निवासी रूपराम के रूप में हुई। ईटीओ दीपक दत्त कैथल की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसकी जेब से 6.49 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ। इस मामले में थाना चीका में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
हथकढ़ी शराब और चिट्टा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
तीसरे मामले में थाना सीवन प्रभारी महिला एसआई मुकेश के नेतृत्व में एएसआई राजेश कुमार की टीम को शराब तस्करी के संबंध में गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव पाबसर से कागंथली रोड पर एक होटल के सामने नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल पर सवार गांव पाई निवासी अंकित और योगेश को काबू किया गया। जांच के दौरान योगेश के बैग से 2 बोतल हथकढ़ी शराब बरामद हुई, जबकि अंकित की जेब से 3.50 ग्राम चिट्टा (स्मैक) बरामद किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सीवन में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
नशा तस्करों को पुलिस की दो टूक चेतावनी
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। कैथल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को नशा तस्करी या अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


Leave a Reply