कैथल। जिला परिषद कैथल के हाउस की बैठक में जिले के सर्वोच्च बलिदानियों के अटके हुए शहीद स्मारकों के निर्माण कार्य को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। लंबे समय से विभिन्न कारणों के चलते रुके हुए कार्य का रास्ता साफ होने पर पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल ने खुशी जताई और जिला परिषद के चेयरमैन, पूर्व चेयरमैन, वाइस चेयरमैन, सभी सदस्यों तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) गुलजार मलिक का आभार व्यक्त किया।
एसोसिएशन के प्रधान जगजीत फौजी ने कहा कि समाचार पत्रों के माध्यम से जब एसोसिएशन को पता चला कि जिला परिषद की हाउस बैठक में शहीद स्मारकों के अटके निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है, तो पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई।
उन्होंने विशेष रूप से वार्ड नंबर 15 के सदस्य मनीष कुमार और वाइस चेयरमैन प्रतिनिधि फौजी कर्मवीर का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि दोनों ने सर्वोच्च बलिदानियों को सम्मान दिलाने के उद्देश्य से सदन में प्रस्ताव रखा, जिसे सभी सदस्यों ने सहमति से पास किया।
शहीद परिवारों के दर्द को बेहतर समझते हैं पूर्व सैनिक
जगजीत फौजी ने कहा कि जिला परिषद के CEO गुलजार मलिक और फौजी कर्मवीर स्वयं पूर्व सैनिक हैं। कारगिल युद्ध के दौरान फौजी कर्मवीर ने अपने साथियों को सर्वोच्च बलिदान देते हुए अपनी आंखों से देखा है। ऐसे में वे शहीदों और उनके परिवारों के दर्द एवं भावनाओं को अच्छी तरह समझते हैं।
उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृति में बनने वाले स्मारक केवल निर्माण कार्य नहीं हैं, बल्कि ये देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक हैं।
CEO गुलजार मलिक का भी जताया आभार
पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान जगजीत फौजी ने CEO गुलजार मलिक का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जिला परिषद कैथल में नियुक्ति पाने के बाद CEO ने इस कार्य को आगे बढ़ाने की दिशा में पहल की।
जगजीत फौजी ने उम्मीद जताई कि जिला परिषद के सहयोग से जल्द ही जिले के बलिदानियों के अटके हुए शहीद स्मारकों का निर्माण कार्य पूरा होगा। इससे शहीदों, उनके परिवारों और पूर्व सैनिकों का लंबे समय से देखा जा रहा सपना साकार होगा।
उन्होंने कहा कि एसोसिएशन की ओर से जिला परिषद के सभी सदस्यों और अधिकारियों का धन्यवाद किया जाता है तथा उम्मीद है कि आगे भी शहीद परिवारों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

Leave a Reply