ईंधन महंगाई के खिलाफ कैथल में कांग्रेस का विशाल रोष प्रदर्शन, भाजपा पर जनता को लूटने का आरोप
कैथल, 22 मई: पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने कैथल में विशाल रोष प्रदर्शन किया। हरियाणा शहीद स्मारक से शुरू हुए इस प्रदर्शन में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और जिला सचिवालय तक मार्च निकालकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने किया। इस दौरान राज्यसभा सांसद कर्मबीर बौद्ध, कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला, पूर्व विधायक जसबीर मलौर, पूर्व सीपीएस सुल्तान जड़ौला तथा जिलाध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर ढाँड सहित कई नेता मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं ने रेहड़ी पर गैस सिलेंडर रखकर प्रदर्शन किया और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसी समस्याओं पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा के युवाओं की जगह बाहरी राज्यों के लोगों को नौकरियां दी जा रही हैं।
कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि पिछले आठ दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कुल 3.90 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने वर्ष 2014 से 2025 तक पेट्रोल-डीजल से 43 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है।
उन्होंने कहा कि सीएनजी और एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी भारी बढ़ोतरी की गई है, जिससे मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर, ऑटो चालक और छोटे व्यापारी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव खत्म होते ही ईंधन की कीमतें बढ़ाने का काम करती है।
प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि पेट्रोल-डीजल, सीएनजी और एलपीजी की हालिया बढ़ोतरी तुरंत वापस ली जाए और ईंधन कीमतों को नियंत्रित करने के लिए स्थायी नीति बनाई जाए।
राज्यसभा सांसद कर्मबीर बौद्ध ने कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा को महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक के अंधकार में धकेल दिया है। वहीं विधायक आदित्य सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने जनता पर अघोषित आर्थिक आपातकाल थोप दिया है।
इस अवसर पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।











Leave a Reply