“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

हरियाणा के 200 कराटे खिलाड़ियों की गौरव गौतम से गुहार, ग्रेडेशन प्रमाणपत्र नहीं बनने से ग्रुप-डी भर्ती पर संकट


चंडीगढ़/हरियाणा। हरियाणा के लगभग 200 कराटे खिलाड़ियों ने खेल मंत्री गौरव गौतम से हस्तक्षेप की मांग करते हुए ग्रेडेशन प्रमाणपत्र जल्द जारी कराने की अपील की है। खिलाड़ियों का कहना है कि लंबे समय से उनके हरियाणा ओलंपिक्स गेम्स के ग्रेडेशन प्रमाणपत्र नहीं बनाए जा रहे हैं, जिसके कारण उन्हें सरकारी नौकरियों और अन्य खेल संबंधी लाभों से वंचित होने का खतरा है।
खिलाड़ियों के अनुसार वे पिछले कई महीनों से हरियाणा के विभिन्न स्टेडियमों के लगातार चक्कर लगा रहे हैं। संबंधित अधिकारियों से पूछने पर उन्हें केवल इतना कहा जाता है कि “फोन पर ग्रेडेशन बनाने से मना किया गया है,” लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया जाता कि यह निर्देश किसके हैं और किस आधार पर दिए गए हैं।
कराटे खिलाड़ियों का कहना है कि उनके पास इस बात के सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हैं कि कराटे खेल अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) और एशियन गेम्स से मान्यता प्राप्त खेल है। इसके बावजूद ग्रेडेशन प्रमाणपत्र जारी न किए जाने से खिलाड़ियों में भारी नाराजगी है।
खिलाड़ियों ने बताया कि वे रोजाना सुबह 9 बजे से स्टेडियम पहुंचते हैं और कई बार स्टेडियम बंद होने तक अधिकारियों के इंतजार में बैठे रहते हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा। उनका कहना है कि ग्रुप-डी भर्ती के आवेदन की अंतिम तिथि होने के कारण अनेक पात्र खिलाड़ियों का भविष्य अधर में लटक गया है।
कराटे खिलाड़ियों ने खेल मंत्री गौरव गौतम से व्यक्तिगत हस्तक्षेप कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है, ताकि सभी पात्र खिलाड़ियों के ग्रेडेशन प्रमाणपत्र शीघ्र जारी किए जा सकें और उनका भविष्य सुरक्षित रह सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *