“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

हर घर तिरंगा, हर दिन तिरंगा का संकल्प लेकर आगे बढ़ें: नवीन जिन्दल

कुरुक्षेत्र, 9 अगस्त 2026। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के पांचवें संस्करण की हरियाणा में शुरुआत धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र से होने जा रही है। इस अवसर पर सांसद एवं फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष नवीन जिन्दल ने देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा, हर दिन तिरंगा’ का संकल्प लेने का आह्वान किया है।

सांसद नवीन जिन्दल ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। इसे केवल स्वतंत्रता दिवस या कुछ विशेष अवसरों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि हर भारतीय के मन में तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना हर दिन होनी चाहिए।

365 दिन तिरंगा फहराने का अधिकार, तो उत्सव भी 365 दिन होना चाहिए

नवीन जिन्दल ने कहा, “जब तिरंगा फहराने का हमारा अधिकार 365 दिन का है, तो तिरंगे का उत्सव भी 365 दिन होना चाहिए।” उन्होंने बताया कि वर्ष 1992 में शुरू हुआ उनका तिरंगे से जुड़ाव केवल व्यक्तिगत यात्रा नहीं था, बल्कि हर भारतीय को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जोड़ने का एक निरंतर प्रयास रहा है।

उन्होंने कहा कि तिरंगा फहराने के अधिकार को लेकर करीब 10 वर्षों तक चली कानूनी लड़ाई के बाद वर्ष 2004 में सुप्रीम कोर्ट ने प्रत्येक भारतीय को पूरे वर्ष सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने का अधिकार दिया। इसके बाद उनका प्रयास रहा कि यह अधिकार केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि देश के हर घर तक पहुंचे।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने बढ़ाया राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान

सांसद नवीन जिन्दल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2022 में शुरू किए गए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पहल ने देश में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति भावनाओं को नई ऊंचाई दी है।

उन्होंने कहा कि जब राजनीतिक झंडों की जगह राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की बात होने लगी तो यह गर्व की बात थी। हालांकि, उन्होंने सवाल उठाया कि तिरंगे का उत्सव केवल कुछ दिनों तक ही क्यों सीमित रहे। तिरंगा हर भारतीय के दिल में हर दिन होना चाहिए।

इसी भावना के साथ फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया ने ‘हर घर तिरंगा, हर दिन तिरंगा’ को अपना ध्येय बनाया है।

‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ से जुड़ा इस बार का अभियान

नवीन जिन्दल ने बताया कि इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का महत्व और भी बढ़ गया है, क्योंकि इसे राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ से जोड़ा गया है।

उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी पहचान है और ‘वंदे मातरम्’ हमारी आवाज। दोनों में एक ही राष्ट्रभाव समाहित है। उन्होंने देशवासियों से अपने घरों पर सम्मान और मर्यादा के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा ध्वज संहिता का पालन करने की अपील की।

उन्होंने लोगों से ‘Selfie with Tiranga’ अभियान में भाग लेने और संबंधित पोर्टल पर अपनी तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड करने का भी आह्वान किया।

परिवार और पड़ोस को भी अभियान से जोड़ने की अपील

सांसद नवीन जिन्दल ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल सरकार या किसी संस्था का अभियान नहीं, बल्कि पूरे देश का अभियान है। उन्होंने नागरिकों से अपने परिवार, मित्रों और पड़ोसियों को भी अभियान से जोड़ने की अपील की, ताकि तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।

उन्होंने कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र की जनता से ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि सांसद नवीन जिन्दल कुरुक्षेत्र में आयोजित तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *