हॉलिडे पैकेज के नाम पर होने वाली साइबर ठगी से रहें सतर्क : एसपी मनप्रीत सिंह सूदन
कैथल: पर्यटन सीजन के दौरान ऑनलाइन हॉलिडे पैकेज, होटल बुकिंग और हवाई टिकट के नाम पर बढ़ रही साइबर ठगी को देखते हुए कैथल पुलिस ने आमजन के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी ट्रैवल पैकेज या ऑनलाइन ऑफर पर भरोसा करने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।
एसपी ने बताया कि साइबर अपराधी सोशल मीडिया, व्हाट्सएप, फर्जी वेबसाइटों और ऑनलाइन विज्ञापनों के माध्यम से आकर्षक तथा बेहद सस्ते हॉलिडे पैकेज दिखाकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। ठग पहले एडवांस भुगतान प्राप्त करते हैं और बाद में मोबाइल नंबर बंद कर देते हैं या नकली टिकट एवं फर्जी होटल बुकिंग भेजकर लोगों से धोखाधड़ी करते हैं।
उन्होंने बताया कि कई मामलों में साइबर अपराधी स्वयं को ट्रैवल एजेंट या टूर कंपनी का प्रतिनिधि बताकर लोगों से बैंक खाते, यूपीआई, कार्ड और अन्य वित्तीय जानकारी हासिल कर लेते हैं। फर्जी वेबसाइटों को इस प्रकार तैयार किया जाता है कि वे वास्तविक ट्रैवल कंपनियों जैसी दिखाई देती हैं, जिससे लोग आसानी से भ्रमित हो जाते हैं।
हॉलिडे पैकेज के नाम पर होने वाले प्रमुख साइबर फ्रॉड:
• सोशल मीडिया पर सस्ते टूर पैकेज का लालच देकर एडवांस भुगतान लेना।
• फर्जी वेबसाइटों के माध्यम से होटल एवं फ्लाइट बुकिंग करवाना।
• नकली कस्टमर केयर नंबर के जरिए बैंकिंग जानकारी हासिल करना।
• सीमित समय के ऑफर या आखिरी सीट बची होने का झांसा देकर जल्दबाजी में भुगतान करवाना।
• फर्जी बुकिंग कन्फर्मेशन और नकली टिकट भेजकर धोखाधड़ी करना।
साइबर ठगी से बचने के लिए जरूरी सावधानियां:
• केवल विश्वसनीय और आधिकारिक ट्रैवल वेबसाइटों से ही बुकिंग करें।
• भुगतान करने से पहले एजेंसी के रिव्यू और रजिस्ट्रेशन की जांच अवश्य करें।
• सोशल मीडिया विज्ञापनों पर भरोसा कर तुरंत भुगतान न करें।
• किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें।
• ओटीपी, सीवीवी, बैंक डिटेल या कार्ड संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
• बुकिंग के बाद होटल और एयरलाइन से अलग से सत्यापन अवश्य करें।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करे या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाए। समय पर दी गई सूचना पुलिस को साइबर अपराधियों तक पहुंचने और धनराशि बचाने में मदद कर सकती है।
उन्होंने नागरिकों से साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा इस एडवाइजरी को अधिक से अधिक लोगों तक साझा करने की अपील करते हुए कहा कि “सतर्कता और जागरूकता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे बड़ा हथियार है।”


Leave a Reply