“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने 25 मई तक बढ़ाई हड़ताल, 24-25 मई को नरवाना में करेंगे महापड़ाव

ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने 25 मई तक बढ़ाई हड़ताल, 24-25 मई को नरवाना में करेंगे महापड़ाव

📍 कैथल | 🗓️ 20 मई 2026

कैथल, 20 मई: ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन हरियाणा ने अपनी जारी हड़ताल को 25 मई तक बढ़ाने का फैसला किया है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि 21 और 22 मई को प्रत्येक ब्लॉक और जिला मुख्यालय पर सरकार की शव यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 24 और 25 मई को नरवाना में महापड़ाव आयोजित किया जाएगा।

यह निर्णय राज्य प्रधान बसाऊ राम की अध्यक्षता में आयोजित यूनियन की वर्चुअल बैठक में लिया गया। बैठक में सभी जिलों के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में आंदोलन को तेज करने और सरकार से वार्ता के माध्यम से समस्याओं का समाधान करने की मांग की।

बसाऊ राम ने बताया कि ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की हड़ताल छठे दिन में प्रवेश कर चुकी है। भीषण गर्मी के बावजूद प्रदेशभर के करीब 10 हजार कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर ब्लॉक और जिला स्तर पर धरने पर बैठे हुए हैं। उन्होंने कहा कि लगातार कर्मचारी आंदोलन में शामिल हो रहे हैं और हड़ताल मजबूत होती जा रही है।

यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि जनवरी से 13 मई तक मुख्यमंत्री, पंचायत मंत्री, मुख्य सचिव और विभागीय अधिकारियों को कई बार मांग पत्र भेजे गए, लेकिन सरकार ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि सरकार ने न तो उच्च न्यायालय के आदेश लागू किए और न ही कर्मचारियों को स्थायी करने, वेतन बढ़ाने और नई भर्तियां करने की दिशा में कदम उठाए।

यूनियन के अनुसार ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को 26 हजार रुपये वेतन देने की घोषणा अब तक लागू नहीं हुई है। पिछले 12 वर्षों में एक भी स्थायी भर्ती नहीं की गई, जबकि दो वर्षों से वेतन वृद्धि भी नहीं हुई है। कर्मचारियों की मृत्यु पर मुआवजा और आश्रितों को नौकरी देने की व्यवस्था भी नहीं है।

यूनियन नेताओं ने दावा किया कि आंदोलन को अन्य संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 24 और 25 मई को नरवाना में समाज कल्याण मंत्री कृष्ण बेदी के विधानसभा कार्यालय के बाहर ऐतिहासिक महापड़ाव कर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।

आज की हड़ताल में नवाजा राम, बीरभान जाखौली, काबज, रामभज, सतपाल, ईश्वर हाबड़ी और गुरदयाल सिंह सहित अनेक यूनियन पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *