ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की मांगों का जल्द समाधान करे सरकार: सीपीआई(एम)
कैथल, 21 मई: भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) हरियाणा राज्य कमेटी ने राज्य सरकार से हड़ताली ग्रामीण सफाई कर्मचारियों से तुरंत वार्ता कर उनकी मांगों का समाधान करने की मांग की है।
सीपीआई(एम) के राज्य सचिव प्रेम चंद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारी 15 मई से पूरे प्रदेश में हड़ताल पर हैं, लेकिन अब तक सरकार उनकी मांगों का समाधान नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है।
प्रेम चंद ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जन स्वास्थ्य और सफाई व्यवस्था के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रही है। इससे पहले नगर पालिका और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी भी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारियों का बड़ा वर्ग दलित समाज से आता है, जो लंबे समय से सामाजिक और आर्थिक भेदभाव का सामना करता रहा है। सीवर सफाई के दौरान कर्मचारियों की मौतों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह स्थिति आज भी चिंताजनक बनी हुई है।
सीपीआई(एम) नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री ने नवंबर 2025 में डीएससी सम्मेलन के दौरान ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को 26 हजार रुपये और नगर पालिका कर्मचारियों को 27 हजार रुपये न्यूनतम वेतन देने की घोषणा की थी, लेकिन इसे अब तक लागू नहीं किया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने दिसंबर 2025 में 10 वर्ष से अधिक समय से कार्यरत कर्मचारियों को पक्का करने के संबंध में फैसला दिया था, जिसे लागू किया जाना चाहिए।
सीपीआई(एम) ने ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से जनहित में सफाई व्यवस्था और जन स्वास्थ्य सुनिश्चित करने तथा हड़तालरत कर्मचारियों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने की अपील की है।











Leave a Reply