“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

डायल-112 टीम ने 3 वर्षीय मासूम को सुरक्षित परिजनों से मिलाया

डायल-112 टीम ने 3 वर्षीय मासूम को सुरक्षित परिजनों से मिलाया

📍 कैथल | 🗓️ 23 मई 2026

कैथल, 23 मई: सेवा, सुरक्षा और सहयोग के मूल मंत्र को सार्थक करते हुए कैथल पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक 3 वर्षीय मासूम बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाकर सराहनीय कार्य किया है।

पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में जिला पुलिस आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में डायल-112 गाड़ी नंबर 387 की टीम को सूचना मिली कि प्योदा रोड से जींद रोड की तरफ एक छोटा बच्चा लावारिस अवस्था में घूम रहा है।

सूचना मिलते ही डायल-112 गाड़ी के इंचार्ज एचसी अनिल कुमार अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लिया। बच्चा काफी छोटा होने के कारण अपने घर या परिजनों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा था।

इसके बाद पुलिस टीम ने गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ बच्चे के परिजनों की तलाश शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई तथा विभिन्न माध्यमों से बच्चे की पहचान करवाने के प्रयास किए गए।

पुलिस की सतर्कता और लगातार प्रयासों के चलते मात्र एक घंटे के भीतर बच्चे के परिजनों का पता लगा लिया गया। बाद में बच्चे के परिजनों को थाना सिविल लाइन कैथल बुलाया गया और आवश्यक पुष्टि के बाद बच्चे को सकुशल उनके हवाले कर दिया गया।

अपने बच्चे को सुरक्षित देखकर परिजन भावुक हो उठे और कैथल पुलिस तथा डायल-112 टीम का आभार व्यक्त किया।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि बच्चा प्योदा रोड क्षेत्र का रहने वाला है, जो खेलते-खेलते अकेला जींद रोड की तरफ पहुंच गया था। समय रहते पुलिस द्वारा बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लेने से कोई अप्रिय घटना होने से बच गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *