डायल 112 कर्मचारियों को डीएसपी सुशील प्रकाश ने दिए दिशा-निर्देश, गश्त बढ़ाने पर जोर
कैथल: एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के दिशा-निर्देशानुसार पुलिस लाइन कैथल में डायल 112 (ईआरवी) पर तैनात कर्मचारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीएसपी सुशील प्रकाश ने की और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान डीएसपी सुशील प्रकाश ने कहा कि डायल 112 हरियाणा पुलिस की एक महत्वपूर्ण सेवा है, जिसके माध्यम से आमजन को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि इस सेवा से जुड़े प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने निर्देश दिए कि समाज में भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए ईआरवी गाड़ियां अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक गश्त और पेट्रोलिंग करें। इससे अपराधों पर अंकुश लगाने और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने में मदद मिलेगी।
डीएसपी ने कर्मचारियों को आमजन के साथ शालीनता और संवेदनशीलता से व्यवहार करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि त्वरित कार्रवाई और सकारात्मक व्यवहार से पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास और सहयोग बढ़ता है।
बैठक में ईआरवी वाहनों के रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया गया। कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि गाड़ियों की नियमित सर्विसिंग करवाई जाए तथा वायरलेस सेट, जीपीएस सिस्टम, सायरन, लाइट और अन्य उपकरणों की कार्यशील स्थिति की समय-समय पर जांच सुनिश्चित की जाए।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने कहा कि गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए और किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलते ही तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है और डायल 112 इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रही है।











Leave a Reply