डीसी अपराजिता का राजौंद में औचक निरीक्षण, नायब तहसीलदार को नोटिस जारी
कैथल: डीसी अपराजिता ने बुधवार को राजौंद स्थित तहसील कार्यालय, बीडीपीओ कार्यालय और नगर पालिका कार्यालय का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हाजिरी रजिस्टर, विभिन्न शाखाओं के रिकॉर्ड तथा जनसेवाओं से जुड़े कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान दोपहर करीब 12 बजे तहसील कार्यालय में नायब तहसीलदार स्नेह लता अनुपस्थित पाई गईं। इस पर डीसी ने नाराजगी जताते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीसी ने तहसील परिसर में मौजूद नागरिकों और शिकायतकर्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन के कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं तथा किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इसके बाद बीडीपीओ कार्यालय के निरीक्षण के दौरान डीसी ने विकास योजनाओं और शिकायत निवारण प्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने बीडीपीओ अनु से जनसंवाद कार्यक्रम, समाधान शिविर, सीएम विंडो तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी और शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
नगर पालिका कार्यालय में निरीक्षण के दौरान डीसी ने सफाई व्यवस्था, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने नगर पालिका सचिव नरेंद्र शर्मा को शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने तथा वर्ष 2023-24 के लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित यूटिलाइजेशन सर्टिफिकेट विभाग को तत्काल भेजने के आदेश भी दिए।
डीसी ने नगर पालिका परिसर में संचालित आधार केंद्र और प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) विंडो का भी निरीक्षण किया तथा प्राप्त आवेदनों और उनके निस्तारण की जानकारी ली।
अपराजिता ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आमजन को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है। जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।






Leave a Reply