कैथल, 20 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं सदियों से मानवता का मार्गदर्शन कर रही हैं। उनके विचारों को जीवन में अपनाना और सेवा, अंत्योदय तथा सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना ही संत रविदास जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को कैथल जिले के गांव जडौला में संत गुरु रविदास जी की प्रतिमा स्थापना समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राज्यसभा के पूर्व सांसद एवं कार्यक्रम संयोजक ईश्वर सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मंदिर प्रबंधन समिति को 31 लाख रुपये देने की घोषणा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने समारोह के दौरान संत गुरु रविदास जनकल्याण समिति को 31 लाख रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम संयोजक ईश्वर सिंह ने संत गुरु रविदास जी की जीवनी को पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग रखी, जिस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु रविदास जी ने ‘बेगमपुरा’ की ऐसी कल्पना की थी, जहां दुख, अन्याय और भेदभाव का कोई स्थान न हो। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज में प्रेम, भाईचारे, समानता और सद्भाव को मजबूत करने की प्रेरणा देती हैं।
कुरुक्षेत्र में 124 करोड़ की लागत से बन रहा गुरु रविदास धाम
मुख्यमंत्री ने बताया कि कुरुक्षेत्र के उमरी में करीब 5 एकड़ भूमि पर 124 करोड़ रुपये की लागत से भव्य गुरु रविदास धाम का निर्माण करवाया जा रहा है। इसका उद्देश्य गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना और समाज में सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में देशभर में ‘समरसता संकल्प अभियान’ शुरू किया है। इसके तहत काशी स्थित गुरु रविदास जी की जन्मस्थली की मिट्टी लेकर पवित्र कलश यात्रा निकाली जा रही है, जो सामाजिक चेतना, राष्ट्रीय एकता और मानव सम्मान का संदेश देगी।
‘बिना पर्ची-बिना खर्ची’ युवाओं को मिलीं 2 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी देने के लिए ‘बिना पर्ची-बिना खर्ची’ की पारदर्शी भर्ती नीति अपनाई है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में 2 लाख से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति समाज के अधिकारों के संरक्षण के लिए हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग का गठन किया गया है। सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
आयुष्मान-चिरायु योजना से 34 लाख से अधिक मरीजों को लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आयुष्मान भारत और चिरायु योजना के तहत 34 लाख से अधिक मरीजों को 4,226 करोड़ रुपये का कैशलेस इलाज उपलब्ध करवाया गया है। सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में किडनी रोगियों के लिए मुफ्त डायलिसिस की सुविधा भी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि डॉ. बी.आर. अंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना के तहत मकान की मरम्मत के लिए 80 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। अब तक 85,815 परिवारों को 416 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1.56 लाख परिवारों को घर उपलब्ध करवाए गए हैं, जबकि मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत शहरों और गांवों में 32 हजार गरीब परिवारों को प्लॉट दिए गए हैं।
बेटियों के विवाह और महिलाओं के लिए योजनाओं का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के तहत बेटियों के विवाह पर 71 हजार रुपये तक की सहायता दी जा रही है। अब तक 3.85 लाख बेटियों को 1,523 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत माताओं, बहनों और बेटियों के खातों में 2,100 रुपये प्रतिमाह भेजे जा रहे हैं। योजना के तहत अब तक 10 लाख से अधिक लाभार्थियों को 2,042 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने अंबेडकर मेधावी छात्रवृत्ति तथा प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को दी जा रही वित्तीय सहायता की भी जानकारी दी।
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी किया गुरु रविदास जी को नमन
केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने समाज को समानता, भाईचारे और मानव कल्याण का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को दिशा प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में निहित स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे की भावना भारतीय दर्शन और संत परंपरा से प्रेरित है। उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना सहित केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। केंद्रीय मंत्री ने गुरु रविदास जी की वाणी की पंक्तियों का स्मरण करते हुए गीत भी प्रस्तुत किया।
समारोह में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में राज्यसभा के पूर्व सांसद एवं कार्यक्रम संयोजक ईश्वर सिंह, विधायक सतपाल जांबा, भाजपा प्रदेश महामंत्री सत्य प्रकाश जरावता, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गुज्जर, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, पूर्व विधायक लीला राम, पूर्व विधायक लहरी सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष मनीष कठवाड़, नगर पालिका चीका चेयरपर्सन रेखा रानी, पूर्व चेयरमैन रणधीर सिंह, सुभाष कलसाना और डीडी शर्मा मौजूद रहे।
जिला प्रशासन की ओर से डीसी अपराजिता, एसपी मनप्रीत सिंह सूदन और एडीसी डॉ. सुशील कुमार भी समारोह में उपस्थित रहे। डीसी अपराजिता ने समारोह स्थल पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने आयोजकों और क्षेत्रवासियों को गुरु रविदास जी की प्रतिमा स्थापना समारोह की बधाई देते हुए कहा कि संत-महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाकर समाज में भाईचारा, सद्भाव और सामाजिक समरसता को मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है।






Leave a Reply