“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

अवैध कॉलोनियों एवं निर्माण गतिविधियों पर नियमित कार्रवाई करें अधिकारी : डीसी अपराजिता

अवैध कॉलोनियों एवं निर्माण गतिविधियों पर नियमित कार्रवाई करें अधिकारी : डीसी अपराजिता

कैथल। डीसी अपराजिता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध कॉलोनियों तथा अनधिकृत निर्माण गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर अवैध निर्माण गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए।

डीसी अपराजिता सोमवार को जिला टास्क फोर्स कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जहां कहीं भी नई अवैध कॉलोनी विकसित होने या अनधिकृत निर्माण गतिविधियां शुरू होने की सूचना मिले, वहां तुरंत कार्रवाई की जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। इनके विरुद्ध चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी रखा जाए। साथ ही सभी अधिकारी अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में प्राप्त शिकायतों का नियमानुसार निपटान सुनिश्चित करें और किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें।

बैठक में जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) प्रवीन कुमार ने अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि जनवरी 2025 से अप्रैल 2026 तक जिले में 52 अवैध कॉलोनियां चिन्हित की गई हैं। इनमें से 45 कॉलोनियों में ध्वस्तीकरण (डिमोलिशन) की कार्रवाई की जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि अवैध कॉलोनियों से संबंधित 41 मामलों में एफआईआर भी दर्ज करवाई गई हैं। इसके अलावा अवैध कॉलोनियों और निर्माण गतिविधियों के विरुद्ध इस माह छह विशेष अभियान चलाने की योजना बनाई गई है।

डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले में नियोजित विकास को बढ़ावा मिल सके।

इस अवसर पर डीटीपी प्रवीन कुमार, डीएसपी बीरभान, पीडब्ल्यूडी विभाग के कार्यकारी अभियंता सुरेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *