अवैध असला-अमुनेशन सप्लाई करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, 7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजे गए
कैथल। जिला पुलिस द्वारा अवैध हथियारों और असला-अमुनेशन की सप्लाई करने वाले अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (एसडीयू) को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध हथियार उपलब्ध करवाने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत से उनका 7 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार अवैध हथियारों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में एएसआई बलकार सिंह की टीम ने गांव राहड़ा निवासी दीपक उर्फ दीपू और रामपाल उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया है।
पहले आरोपी से बरामद हुए थे 3 हथियार और 6 कारतूस
पुलिस के अनुसार 30 मई को स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट के एसआई धर्म सिंह की टीम ने प्यौदा से तितरम मोड़ बिजली घर के पास गुप्त सूचना के आधार पर करनाल जिले के गांव राहड़ा निवासी रणदीप उर्फ टिंकू को गिरफ्तार किया था।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो पिस्तौल .32 बोर, एक देसी कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे। इस संबंध में थाना तितरम में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पूछताछ में हुआ सप्लायरों का खुलासा
गिरफ्तार आरोपी रणदीप उर्फ टिंकू से पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि बरामद हथियार उसे गांव राहड़ा निवासी दीपक उर्फ दीपू और रामपाल उर्फ मोनू ने उपलब्ध करवाए थे।
इस जानकारी के आधार पर स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से व्यापक पूछताछ और हथियारों के नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए 7 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने अब तक कितने लोगों को अवैध हथियार उपलब्ध करवाए हैं, हथियार कहां से लाए गए थे और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
जिला पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों की तस्करी और सप्लाई में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।









Leave a Reply