“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली मानवी का हिंदू कन्या विद्यालय में भव्य स्वागत

अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली मानवी का हिंदू कन्या विद्यालय में भव्य स्वागत

📍 कैथल | 🗓️ 18 मई 2026

कैथल, 18 मई: हिंदू कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के लिए सोमवार का दिन बेहद गौरवपूर्ण रहा। विद्यालय की छात्रा मानवी ने उज्बेकिस्तान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में 70 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय, शहर और देश का नाम रोशन किया। विद्यालय पहुंचने पर मानवी का भव्य स्वागत किया गया।

मानवी ने इससे पहले बहादुरगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी स्वर्णिम प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया। उज्बेकिस्तान में हुए मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए उसने अपने प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्कर दी और तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया।

विद्यालय परिसर में मानवी का फूल मालाओं से स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान श्री सुनील चौधरी, मैनेजर श्री अनिल चौधरी, जनरल सेक्रेटरी श्री संदीप चौधरी, फाइनेंस सेक्रेटरी योगेश चौधरी, एडवाइजर श्री भूपेंद्र चौधरी, एग्जीक्यूटिव मेंबर श्री पुनीत चौधरी तथा हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के मैनेजर श्री पीयूष चौधरी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मानवी के पिता श्री कृष्ण कुमार, माता श्रीमती मुकेश, ताऊ श्री दयानंद तथा कोच अमरजीत भी मौजूद रहे। सभी ने मानवी को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिका कौशिक ने मानवी को स्मृति चिन्ह और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया तथा उसके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। विद्यालय की ओर से मानवी को विशेष प्रोत्साहन स्वरूप कक्षा 10वीं से 12वीं तक की निशुल्क शिक्षा प्रदान करने की घोषणा की गई।

विद्यालय परिवार ने कहा कि मानवी की यह उपलब्धि अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह साबित करती है कि समर्पण, अनुशासन और कठोर परिश्रम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता प्राप्त की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *