जाट कॉलेज कैथल की छात्रा कविता का अंडर-20 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए चयन
कैथल: जाट कॉलेज, कैथल की बी.एससी. स्पोर्ट्स द्वितीय वर्ष की प्रतिभाशाली छात्रा एवं एथलीट कविता का चयन 28 से 31 मई 2026 तक हांगकांग, चीन में आयोजित होने वाली 22वीं अंडर-20 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से कॉलेज, जिला कैथल और पूरे हरियाणा में खुशी की लहर है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दिनेश ढिल्लों ने बताया कि कविता ने 24 से 26 अप्रैल 2026 तक कर्नाटक में आयोजित 24वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। महिलाओं की 400 मीटर दौड़ के लिए एशियन चैंपियनशिप का क्वालिफिकेशन समय 55.99 सेकंड निर्धारित था, जबकि कविता ने यह दौड़ मात्र 55.08 सेकंड में पूरी कर चयन सुनिश्चित किया।
प्राचार्य डॉ. ढिल्लों ने कहा कि कविता की यह उपलब्धि कॉलेज के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगी। उन्होंने छात्रा और शारीरिक शिक्षा विभाग को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष श्री सुशील कुमार, प्रो. राजपाल और श्री अनिल कुमार ने भी कविता को शुभकामनाएं देते हुए आगे भी कड़ी मेहनत जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
जाट हाई स्कूल सोसाइटी के प्रधान श्री राजकुमार बैनीवाल, उप प्रधान श्री बलजिंदर बनवाला, महासचिव एडवोकेट रश्मि ढुल, कोषाध्यक्ष श्री बलकार नैन तथा कार्यकारिणी सदस्यों ने भी कविता को शुभकामनाएं दीं।
प्रधान श्री राजकुमार बैनीवाल ने कहा कि संस्थान की बेटी का एशियन स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन होना जाट कॉलेज, जिला कैथल और हरियाणा के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रबंधन समिति कविता को हर संभव सहयोग प्रदान करेगी और प्रतियोगिता से लौटने पर उसका भव्य स्वागत किया जाएगा।
कॉलेज के शिक्षकों, खिलाड़ियों और विद्यार्थियों ने विश्वास जताया कि कविता भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए पदक जीतकर देश का नाम और ऊंचा करेगी।











Leave a Reply