कैथल विधानसभा की प्रतियोगिताएं महाराजा सूरजमल जाट स्टेडियम कैथल, पुलिस लाइन ग्राउंड, आरकेएसडी कॉलेज तथा हॉकी स्टेडियम हाबड़ी में आयोजित की जाएंगी। आयोजन में 12 खेलों से संबंधित प्रतियोगिताओं में खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
कैथल कार्यालय प्रभारी रविन्द्र धीमान ने बताया कि राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सांसद नवीन जिन्दल ने कैथल और कुरुक्षेत्र दोनों स्थानों पर सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ किया था। इसी कड़ी में कैथल विधानसभा स्तर पर तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे लोकसभा स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही विधानसभा स्तर पर विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
100 से अधिक खेल प्रशिक्षकों की रहेगी मौजूदगी
रविन्द्र धीमान ने बताया कि खेल प्रतियोगिताओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए 100 से अधिक खेल प्रशिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। सभी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए समान अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे।
युवाओं को खेलों से जोड़ना सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य
उन्होंने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़कर उनमें अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करना है। खेल युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच प्रदान कर रहा है। इस आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने, प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने और खेलों के क्षेत्र में भविष्य बनाने की प्रेरणा मिलेगी।


