“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को भव्य एवं जनभागीदारी के साथ मनाएं : डीसी अपराजिता

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को भव्य एवं जनभागीदारी के साथ मनाएं : डीसी अपराजिता

21 जून को विस्तार अनाज मंडी में होगा जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम, 20 जून को होगी पायलट रिहर्सल

कैथल। उपायुक्त अपराजिता ने कहा कि 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को जिले में भव्य एवं जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम विस्तार अनाज मंडी में आयोजित होगा, जबकि 20 जून को कार्यक्रम की पायलट रिहर्सल करवाई जाएगी।

डीसी अपराजिता मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंस रूम में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं। बैठक से पहले हरियाणा सरकार की अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सभी विभागों को दिए आवश्यक निर्देश

डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, चिकित्सा सुविधा, यातायात व्यवस्था तथा टेंट संबंधी सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि आयोजन में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

उन्होंने अधिक से अधिक नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों तथा सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ है इस वर्ष की थीम

डीसी अपराजिता ने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रखी गई है। इसी उद्देश्य को लेकर जिला, उपमंडल और ब्लॉक स्तर पर भी विभिन्न योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि योग को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।

उन्होंने नागरिकों से योग दिवस के लिए निर्धारित पोर्टल पर पंजीकरण करवाने की अपील भी की।

योग को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान

उपायुक्त ने कहा कि योग दिवस को केवल एक सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सहभागिता के जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाना चाहिए।

इसके लिए पंचायतों, स्वयंसेवी संस्थाओं, निजी शिक्षण संस्थानों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों तथा अन्य सामाजिक संगठनों को भी अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।

सोशल मीडिया पर साझा करें योग की तस्वीरें

डीसी ने कहा कि जिले के नागरिक योग दिवस से जुड़े अपने कार्यक्रमों की तस्वीरें और गतिविधियां सोशल मीडिया पर साझा करें। उन्होंने जिला आधारित हैशटैग #IYDKaithal का उपयोग करने का भी आह्वान किया, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।

बैठक में एडीसी डॉ. सुशील कुमार, सीईओ जिला परिषद सुरेश राविश, सीटीएम कैप्टन प्रमेश कुमार, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया, सीएमओ डॉ. रेणु चावला, एआईपीआरओ अमित कौशिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *