अनजान लिंक और संदिग्ध मैसेज से रहें सावधान
कैथल एसपी ने मोबाइल पर आने वाले अनजान लिंक और संदिग्ध संदेशों पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी। साइबर अपराधी कई बार फर्जी लिंक के जरिए लोगों की निजी जानकारी और बैंकिंग विवरण चुराने का प्रयास करते हैं।
उन्होंने कहा कि मोबाइल में कोई भी ऐप डाउनलोड करते समय केवल आधिकारिक गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर का ही इस्तेमाल करें। किसी अनजान वेबसाइट या संदिग्ध स्रोत से ऐप डाउनलोड करने से मोबाइल में हानिकारक सॉफ्टवेयर आने का खतरा हो सकता है।
मोबाइल सुरक्षा के लिए एम-कवच 2 ऐप का करें उपयोग
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने नागरिकों को भारत सरकार की एम-कवच 2 ऐप के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने इसे मोबाइल सुरक्षा के लिए उपयोगी बताते हुए नागरिकों से इसके इस्तेमाल और फोन की नियमित सुरक्षा जांच करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मोबाइल में मौजूद संदिग्ध एप्लिकेशन, अनधिकृत एक्सेस और संभावित मालवेयर के प्रति सतर्क रहना जरूरी है। फोन में किसी भी संदिग्ध गतिविधि का पता चलने पर समय रहते उचित कदम उठाने चाहिए।
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत
एसपी ने कहा कि डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का महत्वपूर्ण तरीका है। यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी होती है या उसे कोई संदिग्ध साइबर गतिविधि दिखाई देती है, तो वह तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराए या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर जानकारी दे।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें, अपनी निजी जानकारी गोपनीय रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें।

