

कैथल, 2 जुलाई। करनाल मंडल के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अशोक कुमार ने गुरुवार को कैथल पुलिस लाइन में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों की समीक्षा तथा पुलिस कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनप्रीत सिंह सूदन ने जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और पुलिस द्वारा किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी आईजी को दी। इस दौरान डीएसपी बीर भान, डीएसपी रमेश गुलिया, डीएसपी रमेश चंद्र, सभी थाना प्रबंधक, चौकी इंचार्ज, क्राइम यूनिट प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे।
पीड़ितों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें
आईजी अशोक कुमार ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि थानों में आने वाले प्रत्येक पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए उसका समयबद्ध समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों का व्यवहार संवेदनशील, विनम्र और सभ्य होना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि चाहे शिकायत ऑनलाइन, ऑफलाइन या उच्च अधिकारियों के माध्यम से प्राप्त हुई हो, उस पर तुरंत प्रभावी कार्रवाई की जाए और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
अपराधियों पर कड़ी निगरानी और नियमित गश्त के निर्देश
आईजी ने अधिकारियों से कहा कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जाए तथा अपराधियों पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जाए। सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस वेलफेयर और नशा मुक्त अभियान पर विशेष जोर
आईजी अशोक कुमार ने कहा कि पुलिस कर्मचारियों के कल्याण का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। यदि किसी पुलिसकर्मी को वेलफेयर से संबंधित कोई समस्या है तो वह बिना संकोच कार्यालय में अपनी समस्या रख सकता है, जिसके समाधान का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने नशा मुक्त अभियान को और तेज करने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को लगातार जागरूक किया जाए तथा नशा तस्करों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।




Leave a Reply