“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में अवैध शराब तस्करी के दो मामलों में 3 आरोपी गिरफ्तार, 171 बोतल देसी शराब और 200 लीटर लाहण बरामद

कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, राजौंद और चौशाला में दबिश देकर पकड़े आरोपी; एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर चलाया जा रहा अभियान

कैथल, 10 नवंबर 2026। कैथल जिला पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 171 बोतल देसी शराब और 200 लीटर लाहण बरामद किया है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार जिले में अवैध शराब तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले मामले में थाना राजौंद के एएसआई देवेंद्र की टीम को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने राजौंद में एक कार को रुकवाकर उसमें सवार खेड़ी सिम्बल वाली निवासी ब्रजेश और राजौंद निवासी रणबीर को काबू किया।

कार की तलाशी लेने पर पिछली सीट और डिग्गी से देसी शराब की 13 पेटियां बरामद हुईं। इनमें 60 बोतल, 48 अध्धे और 300 पव्वे देसी शराब शामिल थे। पुलिस के अनुसार कुल बरामद शराब की मात्रा 171 बोतल के बराबर है।

चौशाला में बाड़े से 200 लीटर लाहण बरामद

दूसरे मामले में एंटी नारकोटिक सेल के एएसआई जगभान की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव चौशाला में दबिश दी। पुलिस टीम ने गांव निवासी सलिंद्र सिंह के बाड़े की तलाशी ली, जहां प्लास्टिक ड्रम में रखा 200 लीटर लाहण बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से आरोपी सलिंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए हैं। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कैथल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब की तस्करी और गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।