
कैथल, 13 अप्रैल: अग्रवाल युवा सभा कैथल की महिला इकाई द्वारा आयोजित बैसाखी महोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस कार्यक्रम में जाट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के छात्र व छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने हुनर का शानदार प्रदर्शन किया।
विद्यालय की संगीत अध्यापिका मनीषा को इस कार्यक्रम में निर्णायक पद पर नियुक्त किया गया। कार्यक्रम में अनेक स्कूलों व कॉलेजों के बच्चों ने भाग लिया, जिससे प्रतियोगिता का स्तर और भी ऊंचा रहा।
इस प्रतियोगिता में जाट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्रा प्रीति ने नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। अग्रवाल युवा सभा के द्वारा जाट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों खुशी, प्रीति, तमन्ना और जसविंदर को उपहार व सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों का उत्साह और भी बढ़ा।
जाट हाई स्कूल समिति के प्रधान राजकुमार बेनीवाल, उप प्रधान बलजिंदर बनवाला, महासचिव एडवोकेट रश्मि सिंह ढुल व कोषाध्यक्ष बलकार नैन ने बच्चों की इस उपलब्धि पर उन्हें शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश कुमार ने विद्यार्थियों को विभिन्न संगठनों द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया और कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं।
इस अवसर पर कार्यकारिणी के अन्य सदस्य डॉ. सत्यवान माजरा, दलवीर कैरो, महावीर राविश, राजपाल गुहना, सन्नी चौसाला, महावीर कुंडू, विक्रम सोंगल, कुलदीप सिंह, रजत रापड़िया, स्वतंत्र पाल सिंह व जसवीर मानस ने भी बच्चों को शुभकामनाएं दी।