“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कलायत में प्लॉट पर जबरन कब्जे के प्रयास का मामला, 4 आरोपी गिरफ्तार; पुलिस ने करवाई घटनास्थल की निशानदेही

कैथल, 5 सितंबर। कलायत में प्लॉट पर जबरन कब्जा करने के प्रयास, दीवार और लोहे का गेट तोड़कर नुकसान पहुंचाने के मामले में थाना कलायत पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कलायत निवासी सतबीर उर्फ सोनू, अनिल और राकेश तथा पिंजूपुरा निवासी सलीम खान शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया था।

प्लॉट पर कब्जा करने का लगाया गया आरोप

थाना कलायत प्रभारी पीएसआई अमन ने बताया कि कलायत निवासी माया देवी की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, सोनू उर्फ सतवीर रबारी, सलीम खान निवासी पिंजूपुरा, प्रवीन पुत्र बिसन दत्त उर्फ डुली, राकुराणा उर्फ राकेश, अनिल रबारी सहित कुछ अन्य व्यक्तियों पर उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास करने के आरोप लगाए गए थे।

शिकायतकर्ता के अनुसार, उक्त जमीन को लेकर पहले भी मामला दर्ज करवाया गया था। आरोप है कि आरोपी बार-बार कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन पर गैरकानूनी कब्जा करने का प्रयास करते रहे।

दीवार और लोहे का गेट तोड़ने का आरोप

पुलिस के अनुसार, शिकायत में माया देवी ने बताया कि 26 जून 2026 की शाम वह और उनके पति जमीन पर दीवार तथा लोहे का गेट लगाकर घर लौट आए थे। आरोप है कि उनके पीछे से आरोपियों ने ताला लगे लोहे के गेट और दीवार को तोड़कर गिरा दिया।

शिकायतकर्ता ने इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान होने तथा जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर थाना कलायत में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने आरोपियों से घटनास्थल की करवाई निशानदेही

मामले की जांच के दौरान सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार तथा थाना कलायत पुलिस की टीम ने शनिवार को गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर घटनास्थल की निशानदेही करवाई

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान आरोपियों के संबंध में कई अन्य तथ्यों की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी मिलकर कमजोर लोगों के प्लॉट पर जबरन कब्जा करने, जबरन वसूली और धोखाधड़ी सहित अन्य वारदातों को अंजाम देने वाले कथित संगठित गिरोह के रूप में काम कर रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह के कई सदस्यों के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।

न्यायालय के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेजे आरोपी

पुलिस ने आरोपियों से व्यापक पूछताछ और जांच प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेशानुसार चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *