“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल पुलिस का अवैध शराब और नशा तस्करों पर शिकंजा, 4 आरोपी गिरफ्तार; 51 बोतल देसी शराब, 100 लीटर लाहण और 22.83 ग्राम अफीम बरामद

कैथल, 10 अगस्त। जिला कैथल पुलिस ने एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार अवैध शराब और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 51 बोतल ठेका देसी शराब, 100 लीटर लाहण और 22.83 ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

तीन मामलों में तीन अवैध शराब तस्कर गिरफ्तार

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जिला पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को काबू किया।

100 लीटर लाहण के साथ आरोपी गिरफ्तार

पहले मामले में थाना सीवन पुलिस के एसआई सुभाष सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर डेरा कुचिया निवासी अवतार सिंह के मकान पर दबिश दी। पुलिस ने आरोपी को काबू कर मकान की जांच की। इस दौरान प्लास्टिक के नीले रंग के ड्रम से करीब 100 लीटर लाहण बरामद हुआ।

15 बोतल देसी शराब बरामद

दूसरे मामले में पुलिस चौकी अनाज मंडी कैथल के पीएसआई मन्नु की अगुवाई में एसआई रमेश कुमार की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर डेहा बस्ती, अनाज मंडी कैथल में दबिश दी। पुलिस ने वार्ड नंबर 25, अनाज मंडी कैथल निवासी सिकंदर उर्फ पिकां को काबू किया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे में रखे प्लास्टिक के कट्टे से 15 बोतल ठेका देसी शराब बरामद हुई।

36 बोतल देसी शराब बरामद

तीसरे मामले में एंटी नारकोटिक सैल कैथल के एसआई जयभगवान की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव जाखौली निवासी दयाराम के मकान पर दबिश दी। पुलिस ने आरोपी को काबू कर उसके पास रखे प्लास्टिक के कट्टे की जांच की।

जांच के दौरान 3 पेटी ठेका देसी शराब की कुल 36 बोतल बरामद हुईं।

तीनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस द्वारा नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।

खरकां क्षेत्र में 22.83 ग्राम अफीम के साथ आरोपी गिरफ्तार

वहीं, नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी रामथली पुलिस ने खरकां क्षेत्र से एक आरोपी को 22.83 ग्राम अफीम सहित गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि चौकी रामथली प्रभारी एएसआई राजेश कुमार की अगुवाई में एएसआई जयपाल सिंह की टीम गांव खरकां से सागरा रोड पर माता गुजरी चौक खरकां के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चट्ठा गोबिन्दपुरा, जिला संगरूर पंजाब निवासी संसार सिंह मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव खरकां की ओर आने वाला है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव खरकां से सागरा जाने वाली सड़क पर नाकाबंदी की। कुछ समय बाद सागरा की तरफ से मोटरसाइकिल पर एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता से उसे काबू कर लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान संसार सिंह निवासी चट्ठा गोबिन्दपुरा, जिला संगरूर, पंजाब के रूप में हुई। नियमानुसार तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल पर बंधे काले रंग के बैग से एक पॉलीथिन में 22.83 ग्राम अफीम बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना गुहला में मामला दर्ज किया। मौके पर पहुंचे एएसआई भान सिंह ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा और उससे पूछताछ की जा रही है।

कैथल पुलिस की कार्रवाई जारी

कैथल पुलिस द्वारा अवैध शराब और नशीले पदार्थों की तस्करी पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी और अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *